Ranchi News: झारखंड की राजधानी रांची स्थित ICFAI यूनिवर्सिटी की छात्राओं के लिए यह बेहद चिंताजनक स्थिति है कि जहां उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलनी चाहिए, वहीं वे बुनियादी स्वच्छता सुविधाओं के लिए जूझ रही हैं। विश्वविद्यालय के गर्ल्स वॉशरूम की हालत लंबे समय से दयनीय बनी हुई है, जिससे छात्राओं को रोज़ाना भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
छात्राओं के अनुसार, वॉशरूम के दरवाजे टूटे हुए हैं, नल-फिटिंग्स खराब हो चुकी हैं, और यहाँ तक कि वॉशबेसिन भी ठीक से काम नहीं कर रहे हैं। सफाई और स्वच्छता की उचित व्यवस्था न होने के कारण संक्रमण और बीमारी का खतरा लगातार मंडरा रहा है।
प्रशासन की अनदेखी, गुज़ारिशों पर नहीं हुई कार्यवाही
छात्राओं ने बताया कि इस गंभीर समस्या को लेकर कई बार लिखित आवेदन के माध्यम से विभागाध्यक्ष (HOD) को सूचित किया गया है, लेकिन विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। छात्राओं की बार-बार की गई गुज़ारिशों को नजरअंदाज करना प्रशासन की घोर संवेदनहीनता को दर्शाता है।
पीड़ित छात्राओं ने अब यह सवाल उठाया है कि विश्वविद्यालय को केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि छात्रों की सुरक्षा और गरिमा की गारंटी भी देनी चाहिए। हम छात्राओं ने प्रशासन से निवेदन किया है कि इस विषय में तत्काल कार्यवाही की जाए और वाशरूम की मरम्मत व उचित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।



