Ranchi : झारखण्ड राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष में राँची जिले में “आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार” कार्यक्रम के तहत मंगलवार को विशाल जनसेवा शिविरों का आयोजन किया गया। यह अब तक का सबसे बड़ा जनकल्याण अभियान रहा, जिसमें राँची जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के 100 से अधिक स्थानों पर एक साथ शिविर लगाए गए। सुबह से ही लोगों की भारी भीड़ इन शिविरों में उमड़ पड़ी, जहाँ लाभुकों ने एक ही स्थान पर दर्जनों सरकारी योजनाओं की सुविधाएँ प्राप्त कीं।
20 से अधिक विभागों की सेवाएँ एक ही मंच पर
इन शिविरों में 20 से अधिक विभागों ने अपनी योजनाओं से संबंधित जानकारी, आवेदन स्वीकृति और मौके पर परिसंपत्ति वितरण की व्यवस्था की। इससे लाभुकों को महीनों की दौड़-भाग से राहत मिली। कई वर्षों से लंबित सामाजिक सुरक्षा पेंशन मामलों का तत्काल निपटारा कर स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। सोना-सोबरन धोती-साड़ी योजना के तहत हजारों लाभुकों को धोती, साड़ी और लुंगी दी गई। दिव्यांगजन को ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर, श्रवण मशीन आदि उपकरण वहीं पर सौंपे गए।
प्रमुख स्थान जहाँ शिविर आयोजित किए गए
अनगड़ा, बेड़ो, बुढ़मू, चान्हो, कांके, तमाड़, सिल्ली, नामकुम, रातु, ओरमांझी, खलारी, माण्डर, ईटकी, नगड़ी, लापुंग, राहे, सोनाहातु सहित सभी प्रखंडों में शिविर लगे। राँची नगर निगम क्षेत्र में वार्ड 16 से 23 तक अलग-अलग स्थानों पर विशाल शिविर स्थापित किए गए। जिला स्तरीय वरीय अधिकारियों, प्रखंड विकास पदाधिकारियों, अंचल अधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने दिनभर शिविरों में मौजूद रहकर लोगों की समस्याओं को सुना और उनका तत्काल समाधान सुनिश्चित किया।
उपायुक्त का संदेश
राँची उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा—“रजत जयंती वर्ष हमारे लिए गर्व और संकल्प का वर्ष है। राज्य सरकार का उद्देश्य है कि अंतिम छोर तक हर व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुँचे। लोगों की मुस्कान और भारी जनसमूह बता रहा है कि हम सही दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।”
28 नवम्बर तक चलेगा ‘सेवा का अधिकार सप्ताह’
जिला प्रशासन ने बताया कि 28 नवम्बर तक राँची जिले की सभी शेष पंचायतों और वार्डों में भी इसी प्रकार विशाल सेवा शिविर लगाए जाएँगे। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने नजदीकी शिविर में पहुँचकर अपने अधिकार का लाभ जरूर प्राप्त करें।



