Garhwa News: गढ़वा से एक ऐसी हृदयविदारक खबर आई है जिसने सगाई की खुशियों को मातम में बदल दिया। रविवार की काली रात बेलचंपा गांव के पास काल बनकर आई, जहां एक बेलगाम हाईवा ने स्कार्पियो को ऐसी टक्कर मारी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। इस भीषण हादसे में एक ही परिवार के चार नौजवानों की मौके पर ही मौत हो गई।
सगाई की खुशियां लेकर लौट रहे थे घर, रास्ते में मिला काल
मृतकों की पहचान पलामू जिले के रहने वाले नरेंद्र पासवान (30), जितेंद्र पासवान (28), बादल पासवान (20) और बिक्की कुमार (18) के रूप में हुई है। ये चारों आपस में करीबी रिश्तेदार थे और श्रीबंशीधर नगर के बिलासपुर से सगाई समारोह मनाकर घर लौट रहे थे। किसी ने सोचा भी नहीं था कि ये खुशियां रास्ते में ही दम तोड़ देंगी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि शवों को निकालने के लिए पुलिस को कटर मशीन का सहारा लेना पड़ा।
सड़क पर ‘रफ्तार’ का कहर, लोगों में भारी आक्रोश
घटना के बाद से गढ़वा सदर अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जवान बेटों की लाशें देख हर किसी की आंखें नम हैं। स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर खलबली है कि गढ़वा-रेहला मार्ग पर रात के समय भारी वाहन बेखौफ दौड़ते हैं, पर प्रशासन मौन है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी (CCTV) खंगाल रही है ताकि उस फरार कातिल हाईवा और उसके ड्राइवर को दबोचा जा सके।
इस खबर को भी पढ़ें : खूंटी में भीषण सड़क हादसा: ट्रक से टकराई कार, पादरी समेत दो की मौ’त



