रांची : दुर्गापूजा के दौरान ट्रेनों में यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। रांची, हटिया और संबलपुर से चलने वाली कई प्रमुख ट्रेनों में कंफर्म टिकट मिलना मुश्किल हो गया है। खासकर पटना, दिल्ली और जम्मूतवी जाने वाली ट्रेनों में लंबी वेटिंग लिस्ट है। कई ट्रेनों में टिकट बुकिंग की स्थिति रेग्रेट तक पहुंच गई है। यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे ने रांची स्टेशन पर सुविधाएं बढ़ाई हैं।
पिछले साल की तुलना में दोगुने से ज्यादा बढ़े यात्री
रेलवे के आंकड़ों के अनुसार, इस साल दुर्गापूजा में यात्रियों की संख्या में बड़ी बढ़ोतरी हुई है। 13 अक्टूबर 2025 को रांची से 20,710 यात्रियों ने सफर किया था, जबकि 13 अक्टूबर 2026 को यह संख्या बढ़कर 44,755 हो गई। इसी तरह, 14 अक्टूबर 2025 को 40,610 यात्रियों ने यात्रा की थी, जबकि इस साल 14 अक्टूबर को यह संख्या 73,225 पहुंच गई। यात्रियों की संख्या बढ़ने से ट्रेनों में सीटों की कमी हो गई है।
पटना और दिल्ली जाने वाली ट्रेनों में लंबी वेटिंग
17 अक्टूबर को रांची-पटना वंदे भारत एक्सप्रेस के चेयर कार में 57 और एग्जीक्यूटिव क्लास में 11 यात्रियों की वेटिंग है। वहीं, जनशताब्दी एक्सप्रेस के सेकंड सिटिंग में वेटिंग 84 तक पहुंच गई है।
हटिया-इस्लामपुर एक्सप्रेस के स्लीपर में 82 और थर्ड एसी में 48 यात्रियों की वेटिंग है। रांची-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस (20839) के स्लीपर में वेटिंग 161 है। हटिया-पटना पाटलिपुत्र एक्सप्रेस के स्लीपर में 80 और संबलपुर-जम्मूतवी एक्सप्रेस के स्लीपर में 148 यात्रियों की वेटिंग है।
इसके अलावा हटिया-पूर्णिया कोर्ट एक्सप्रेस के सेकंड सिटिंग में वेटिंग 110 है। 18 अक्टूबर को हटिया-आनंद विहार एक्सप्रेस के स्लीपर में 72 और रांची-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस (12453) के थर्ड एसी में 35 यात्रियों की वेटिंग है। संबलपुर-गोरखपुर मौर्य एक्सप्रेस में 17 अक्टूबर को स्लीपर की वेटिंग 78 है।
पूजा स्पेशल ट्रेनों में मिल रही हैं सीटें
दुर्गापूजा में यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने कई स्पेशल ट्रेनें चलाई हैं। इन ट्रेनों में कुछ तारीखों पर सीटें खाली हैं। रांची-अलीपुरद्वार स्पेशल ट्रेन में 19 अक्टूबर को स्लीपर क्लास में 471 और 2 नवंबर को 637 सीटें उपलब्ध बताई गई हैं।
हटिया-बेंगलुरु स्पेशल ट्रेन में 4 नवंबर को थर्ड एसी इकोनॉमी में 330 और थर्ड एसी में 267 सीटें उपलब्ध हैं। वहीं, रांची-शालीमार स्पेशल ट्रेन में 23 अक्टूबर को स्लीपर क्लास में 286 सीटें खाली हैं। हालांकि, रांची-अजमेर स्पेशल ट्रेन में 18 अक्टूबर को स्लीपर क्लास में 22 यात्रियों की वेटिंग है।
रांची रेलवे स्टेशन पर बढ़ाए गए टिकट काउंटर
यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने रांची स्टेशन पर प्रवेश और निकासी की व्यवस्था में बदलाव किया है। यात्रियों के लिए दक्षिणी गेट की सुविधा शुरू की गई है। इसके साथ ही दक्षिणी गेट के पास बने नए भवन में टिकट काउंटरों की संख्या एक से बढ़ाकर तीन कर दी गई है।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन में सीटों की उपलब्धता जरूर जांच लें, ताकि सफर के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो। टिकट और वेटिंग की स्थिति समय के साथ बदल सकती है।




