फॉण्ट कनवर्टर NEW

कचरे से कराहती हरमू नदी, अब नगर निगम ने संभाली कमान; 150 कर्मियों जुटे मैदान में

Ranchi News: राजधानी की पहचान और लाइफलाइन मानी जाने वाली हरमू नदी को फिर से संवारने की दिशा में रांची नगर निगम ने बड़ा कदम उठाया है। नदी की बदहाल स्थिति को देखते हुए निगम ने विशेष सफाई अभियान शुरू किया है, जिसमें भारी संख्या

अपनी भाषा में पढ़ें

Ranchi News: राजधानी की पहचान और लाइफलाइन मानी जाने वाली हरमू नदी को फिर से संवारने की दिशा में रांची नगर निगम ने बड़ा कदम उठाया है। नदी की बदहाल स्थिति को देखते हुए निगम ने विशेष सफाई अभियान शुरू किया है, जिसमें भारी संख्या में संसाधन और मानवबल लगाया गया है।

सुबह से ही नदी के अलग-अलग हिस्सों में करीब 150 सफाई कर्मी जुटे नजर आए। उनके साथ 20 ट्रैक्टर और कई जेसीबी मशीनें भी तैनात की गई हैं। लगातार गाद, प्लास्टिक, घरेलू कचरा और अवैध रूप से फेंका गया मलबा नदी से बाहर निकाला जा रहा है। सफाई का काम दिनभर युद्धस्तर पर चलता रहा।

नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, इस अभियान का सबसे बड़ा और अहम चरण हरमू नदी के मुक्तिधाम पुल के पास चल रहा है। यह इलाका लंबे समय से कचरा और गंदगी का केंद्र बना हुआ था। निगम की योजना है कि पुल के दोनों ओर लोहे की मजबूत जाली लगाई जाए, ताकि लोग नदी में कचरा फेंक न सकें।

इस खबर को भी पढ़ें : हरमू-हिनू नदी से गेतलसूद डैम तक, जल स्त्रोतों की जमीन खाली कराने की प्रशासन ने बनाई रणनीति

इसके साथ ही नदी किनारे बड़े-बड़े नोटिस बोर्ड लगाने की भी तैयारी की जा रही है। इन बोर्डों के जरिए लोगों को साफ संदेश दिया जाएगा कि नदी में कचरा फेंकना दंडनीय अपराध है। नगर निगम ने साफ किया है कि यदि कोई व्यक्ति नदी में कचरा डालते हुए पकड़ा गया, तो उस पर नगर निगम अधिनियम के तहत जुर्माना लगाया जाएगा और जरूरत पड़ने पर सख्त कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।

नगर निगम का कहना है कि यह सिर्फ एक दिन का अभियान नहीं है, बल्कि हरमू नदी को स्थायी रूप से साफ और सुरक्षित रखने की दिशा में एक शुरुआत है। आगे भी नियमित निगरानी और सफाई की व्यवस्था की जाएगी।

इस पहल से स्थानीय लोगों में एक नई उम्मीद जगी है। लंबे समय से प्रदूषण और उपेक्षा का शिकार रही हरमू नदी को लेकर अब लोगों को भरोसा होने लगा है कि शायद यह नदी फिर से अपनी पुरानी पहचान हासिल कर सकेगी। अगर प्रशासन की सख्ती और लोगों का सहयोग बना रहा, तो हरमू नदी दोबारा स्वच्छ, सुंदर और जीवनदायिनी बन सकती है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram