जारी (गुमला): जारी थाना क्षेत्र के घटमा टोली के पास सोमवार की देर शाम दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में डूमर टोली निवासी संजय सिंह (18) की मौत हो गई, जबकि उसके साथ बाइक पर सवार जॉनसन मिंज (19) गंभीर रूप से घायल हो गया।
उसका इलाज सदर अस्पताल गुमला में चल रहा है।घटना के संबंध में मृतक के पिता खिरोधर सिंह ने पुलिस को बताया कि सोमवार को उनका बेटा संजय अपने दोस्त जॉनसन मिंज के साथ बाइक से डूमर टोली से जरडा गया था। वहां से लौटने के दौरान घटमा टोली के पास विपरीत दिशा से आ रही एक अज्ञात बाइक से उनकी मोटरसाइकिल की सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल गुमला ले गए। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद संजय सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं, जॉनसन मिंज का इलाज जारी है।मंगलवार सुबह सूचना मिलने पर एसआई संजीवन उरांव सदर अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया। मृतक के पिता के बयान पर पुलिस ने अज्ञात बाइक सवार के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
– रिपोर्टर: सुंदरम कुमार







