अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
लोहरदगाः झारखंड शिक्षा परियोजना, लोहरदगा के तत्वावधान में शुक्रवार को डायट परिसर, चिरी स्थित खेल मैदान में जिला स्तरीय दो दिवसीय 65वीं सुब्रतो कप फुटबॉल प्रतियोगिता-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में जिले के सभी प्रखंडों की प्रखंड स्तरीय विजेता टीमों ने हिस्सा लिया और रोमांचक मुकाबलों के बीच अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का उद्घाटन जिला शिक्षा अधीक्षक सह अपर जिला कार्यक्रम पदाधिकारी अभिजीत कुमार ने किया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता को विकसित नहीं करता, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और लक्ष्य प्राप्ति का भी महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि आज के दौर में खेल के क्षेत्र में भी करियर की अपार संभावनाएं हैं।
यदि खिलाड़ियों को सही मंच और मार्गदर्शन मिले तो वे जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं। शिक्षा विभाग का उद्देश्य ग्रामीण प्रतिभाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। अंडर-17 बालक वर्ग के फाइनल में राजकीयकृत प्लस टू चुन्नीलाल उच्च विद्यालय, लोहरदगा ने राजकीय बुनियादी विद्यालय, सेन्हा को 2-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया। वहीं दूसरे फाइनल मुकाबले में राजकीयकृत मध्य विद्यालय, लोहरदगा ने राजकीयकृत प्लस टू डॉ. अनुग्रह नारायण उच्च विद्यालय, कैरो को बेहद रोमांचक मुकाबले में 4-3 से पराजित कर विजेता बनने का गौरव हासिल किया।
प्रतियोगिता के समापन पर विजेता, उपविजेता एवं तृतीय स्थान प्राप्त टीमों को जिला शिक्षा अधीक्षक अभिजीत कुमार ने ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया तथा खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में क्षेत्र प्रबंधक आकाश कुमार, बीपीओ ओम प्रकाश, राम विजय खलखो, शारीरिक शिक्षक पंकज कुमार, अमन कुमार, विपिन कुमार लकड़ा, जीतेंद्र मित्तल, श्याम बिहारी महतो, रश्मि खेस, डॉ. संतोष टोप्पो, विशाल संदीप कुजूर सहित बड़ी संख्या में शिक्षकों एवं शारीरिक शिक्षकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रतियोगिता का दूसरा दिन 4 जुलाई को आयोजित होगा, जिसमें सब जूनियर अंडर-15 बालक एवं अंडर-12 बालिका वर्ग के मुकाबले खेले जाएंगे। आयोजन को लेकर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

