अरुणाचल प्रदेश: पारंपरिक चिकित्सा, आयुर्वेद और लोक स्वास्थ्य अनुसंधान के क्षेत्र में करियर बनाने की इच्छा रखने वाले युवाओं एवं शोधार्थियों के लिए केंद्र सरकार के संस्थान से एक बेहतरीन अवसर सामने आया है। भारत सरकार के आयुष मंत्रालय के अंतर्गत एक स्वायत्त संस्थान, ‘पूर्वोत्तर आयुर्वेद और लोक चिकित्सा अनुसंधान संस्थान’ (NEIAFMR), पासीघाट (अरुणाचल प्रदेश) ने विभिन्न तकनीकी व गैर-तकनीकी पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया है।
यह भर्ती राष्ट्रीय औषधीय पादप बोर्ड (NMPB) द्वारा वित्तपोषित एक विशेष परियोजना के तहत की जा रही है। इस परियोजना का उद्देश्य एनईआईएएफएमआर कैंपस, पासीघाट में ‘क्षेत्रीय कच्ची औषधि भंडार’ (Regional Raw Drug Repository) की स्थापना करना है, ताकि पूर्वोत्तर की बहुमूल्य जड़ी-बूटियों और पारंपरिक औषधियों के कच्चे माल का व्यवस्थित संरक्षण व वैज्ञानिक विश्लेषण किया जा सके।
विज्ञापन संख्या 04/2026 के अनुसार, कुल 8 अस्थायी पदों पर सीधी भर्ती के लिए वॉक-इन-इंटरव्यू का आयोजन 9 नवंबर 2026 को सुबह 10:30 बजे से संस्थान के पासीघाट स्थित परिसर में किया जाएगा। विज्ञापित पदों में प्रोजेक्ट एसोसिएट-II (टैक्सोनॉमी) – 1 पद, प्रोजेक्ट एसोसिएट-II (फार्माकोग्नॉसी) – 1 पद, प्रोजेक्ट एसोसिएट-I (रसायन विज्ञान) – 1 पद, प्रोजेक्ट एसोसिएट-I (माइक्रोबायोलॉजी) – 1 पद, प्रोजेक्ट एसोसिएट-I (आईटी) – 1 पद, वैज्ञानिक प्रशासनिक सहायक – 1 पद और फील्ड वर्कर के 2 पद शामिल हैं।
संस्थान ने स्पष्ट किया है कि प्रत्येक पद के लिए निर्धारित शैक्षणिक योग्यता, अनुभव, आयु सीमा और मासिक मानदेय से जुड़ी विस्तृत जानकारी संस्थान की आधिकारिक वेबसाइट www.neiafmr.org.in पर उपलब्ध है।
इच्छुक और योग्य उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे निर्धारित प्रारूप में अपना भरा हुआ आवेदन पत्र, बायोडाटा, पासपोर्ट साइज फोटो और सभी मूल शैक्षणिक व अनुभव प्रमाण पत्रों के साथ-साथ उनकी स्व-प्रमाणित प्रतियों को लेकर तय समय पर इंटरव्यू स्थल पर उपस्थित हों।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ये सभी नियुक्तियां पूरी तरह से अस्थायी और संविदा आधारित हैं, जो केवल परियोजना की अवधि तक ही मान्य रहेंगी। भविष्य में नियमित नियुक्ति के लिए कोई भी दावा स्वीकार्य नहीं होगा। साथ ही साक्षात्कार में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार का यात्रा या दैनिक भत्ता नहीं दिया जाएगा।






