Ranchi : 16 से 18 जनवरी तक तीन दिवसीय मारवाड़ महोत्सव का भव्य आयोजन रांची में किया जाएगा। यह महोत्सव झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन और मारवाड़ी सहायक समिति के संयुक्त तत्वावधान में स्थानीय मारवाड़ी भवन परिसर में आयोजित होगा। महोत्सव की तैयारियों के तहत हरमू रोड स्थित मारवाड़ी भवन में बुधवार को एक विशेष कार्यक्रम हुआ, जिसमें महोत्सव के पोस्टर का विमोचन नगर निगम के पूर्व डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय ने किया।

पोस्टर विमोचन के दौरान संजीव विजयवर्गीय ने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन समाज को उसकी जड़ों से जोड़ते हैं और नई पीढ़ी को अपनी परंपरा व संस्कृति से परिचित कराते हैं। उन्होंने आयोजन समिति को बधाई देते हुए इस महोत्सव की सफलता की शुभकामनाएँ दीं।

आयोजन समिति के अध्यक्ष पवन शर्मा ने बताया कि आम लोगों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रवेश शुल्क मात्र 50 रुपये रखा गया है। उन्होंने लोगों से बड़ी संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की।

महोत्सव में मारवाड़ की समृद्ध संस्कृति, लोककला, पारंपरिक वेशभूषा, खानपान और जीवनशैली को प्रदर्शित किया जाएगा। कार्यक्रम में राजस्थानी लोकगीतों की प्रस्तुति, घूमर और कालबेलिया नृत्य, मारवाड़ी फैशन शो, मेहंदी और पगड़ी प्रतियोगिता सहित कई आकर्षक कार्यक्रम आयोजित होंगे। आयोजनकर्ताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि यह महोत्सव रांचीवासियों के लिए एक यादगार सांस्कृतिक अनुभव साबित होगा।

Share.
Exit mobile version