Ranchi : भाजपा नेता एवं पूर्व नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी ने मंगलवार को हेमंत सोरेन सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि जल–जंगल–जमीन और झारखंडवासियों के हितों की बात करने वाली सरकार अपने मूल वादों से पूरी तरह भटक चुकी है। उन्होंने कहा कि भाजपा लगातार सरकार की नीतिगत विफलताओं को उजागर करती रही है, लेकिन इसके बावजूद राज्य में अनुसूचित जाति (एससी) समाज की स्थिति बद से बदतर बनी हुई है।

भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए बाउरी ने आरोप लगाया कि हेमंत सरकार एससी समाज को उनके संवैधानिक अधिकारों से वंचित कर रही है। उन्होंने दावा किया कि सरकार के एक मंत्री द्वारा स्वयं एससी समाज की स्थिति सुधारने को लेकर मुख्यमंत्री को लिखित आग्रह किया गया है, जो इस बात का प्रमाण है कि हालात कितने गंभीर हैं। उन्होंने कहा कि एससी छात्रों को विदेश में उच्च शिक्षा के अवसर देने की मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन सरकार ने अब तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया।

अमर कुमार बाउरी ने कहा कि झारखंड में लगभग 50 लाख की एससी आबादी आज भी सरकारी योजनाओं से वंचित है और योजनाओं में इस वर्ग की भागीदारी नगण्य है। नगर निगम और नगर पंचायत चुनावों को लेकर उन्होंने सरकार पर आरोप लगाया कि न्यायालय के निर्देशों की अनदेखी कर पिछड़ा वर्ग आरक्षण लागू किया गया, जिससे ओबीसी और अन्य वर्गों के साथ अन्याय हुआ। रांची नगर निगम का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि पूरे निगम क्षेत्र में केवल दो वार्डों में ही एससी को आरक्षण दिया गया है, जो भेदभावपूर्ण है।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार राजनीतिक स्वार्थ में अलग-अलग नगर निकायों में अलग-अलग नियम लागू कर रही है। साथ ही उन्होंने मांग की कि नगर निगम चुनावों में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए। बाउरी ने यह भी आरोप लगाया कि सरकार अब तक बाल आयोग, महिला आयोग, एससी आयोग और सूचना आयुक्त जैसे संवैधानिक संस्थानों का गठन करने में विफल रही है, जो गंभीर चिंता का विषय है।

Share.
Exit mobile version