फॉण्ट कनवर्टर NEW

पश्चिमी सिंहभूम की महिलाओं के लिए खुशखबरी, सदर अस्पताल में शुरू हुई इम्प्लांट सेवा

Chaibasa News: पश्चिमी सिंहभूम जिले के सदर अस्पताल, चाईबासा ने परिवार नियोजन सेवाओं में एक नई पहल करते हुए गुरुवार को पहली बार आधुनिक गर्भनिरोधक इम्प्लांट (इम्प्लानॉन एनएक्सटी) का सफल प्रत्यारोपण किया। इस नई सुविधा के शुरू होने से जिले की महिलाओं को अब लंबे

अपनी भाषा में पढ़ें

Chaibasa News: पश्चिमी सिंहभूम जिले के सदर अस्पताल, चाईबासा ने परिवार नियोजन सेवाओं में एक नई पहल करते हुए गुरुवार को पहली बार आधुनिक गर्भनिरोधक इम्प्लांट (इम्प्लानॉन एनएक्सटी) का सफल प्रत्यारोपण किया। इस नई सुविधा के शुरू होने से जिले की महिलाओं को अब लंबे समय तक प्रभावी रहने वाला आधुनिक गर्भनिरोधक विकल्प स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकेगा।

इस प्रक्रिया को सदर अस्पताल की चिकित्सक डॉ. पौलीना मुंडू और उनकी मेडिकल टीम ने सफलतापूर्वक पूरा किया। अस्पताल प्रशासन के अनुसार यह गर्भनिरोधक तकनीक सुरक्षित, प्रभावी और दीर्घकालिक सुरक्षा प्रदान करने वाली आधुनिक परिवार नियोजन विधियों में शामिल है।

चिकित्सकों ने बताया कि इस प्रक्रिया के तहत महिला की ऊपरी बांह की त्वचा के नीचे माचिस की तीली के आकार का एक छोटा और लचीला इम्प्लांट लगाया जाता है। यह इम्प्लांट धीरे-धीरे हार्मोन छोड़ता है, जिससे लगभग तीन वर्षों तक गर्भधारण की संभावना काफी कम हो जाती है। यदि महिला भविष्य में संतान की योजना बनाना चाहती है तो प्रशिक्षित चिकित्सक इसे आसानी से निकाल सकते हैं। इम्प्लांट हटाने के बाद महिला सामान्य रूप से गर्भधारण करने में सक्षम रहती है।

डॉ. पौलीना मुंडू ने कहा कि यह सुविधा विशेष रूप से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की उन महिलाओं के लिए लाभदायक होगी, जो सुरक्षित, सुविधाजनक और लंबे समय तक प्रभावी परिवार नियोजन का विकल्प चाहती हैं। उन्होंने बताया कि यह एक छोटी और सुरक्षित चिकित्सीय प्रक्रिया है, जिसे प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों की निगरानी में कम समय में पूरा किया जाता है।

सदर अस्पताल प्रशासन ने कहा कि इस सेवा की शुरुआत के बाद अब पश्चिमी सिंहभूम जिले की महिलाओं को आधुनिक गर्भनिरोधक इम्प्लांट की सुविधा निःशुल्क अपने ही जिले में मिलेगी। इससे उन्हें इस सेवा के लिए दूसरे शहरों या निजी अस्पतालों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सकों और प्रशासनिक अधिकारियों ने इस उपलब्धि पर डॉ. पौलीना मुंडू एवं उनकी पूरी मेडिकल टीम को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि आने वाले समय में भी सदर अस्पताल, चाईबासा में आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का लगातार विस्तार किया जाएगा।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram