अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Jamshedpur News: झारखंड के गोलमुरी थाना क्षेत्र के गाढ़ाबासा इलाके में 22 वर्षीय युवक अजय बासा उर्फ झंटू की निर्मम हत्या ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि अजय के बचपन के दोस्त संदीप प्रसाद ने तंत्र-मंत्र साधना और सिद्धि की लालसा में उसकी बलि चढ़ाई। पुलिस ने इस दिल दहला देने वाली वारदात में संदीप, उसका भाई, मां, जीजा और दोस्त भारत समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।
तीन साल से रची जा रही थी बलि की साजिश
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि संदीप लंबे समय से तंत्र-मंत्र में लिप्त था और अजय की बलि देकर सिद्धि हासिल करना चाहता था। उसके दोस्त भारत को इस साजिश की जानकारी पहले से थी, लेकिन डर के वजह से वह चुप रहा। सोमवार को इस साजिश को अंजाम देने के लिये बाजार से एक स्टील का बक्सा खरीदा गया, जिसे केवलटाउन में किराए के कमरे में रखा गया।
पार्टी के बहाने बुलाया, शराब में बेहोश कर की हत्या
आरोपियों ने अजय को “पार्टी” देने के बहाने उस कमरे में बुलाया। पार्टी के दौरान अजय को शराब पिलाकर बेहोश किया गया। फिर उसके हाथ-पैर बांध दिए और बक्से में बंद कर दिया। देर रात संदीप ने उसे अपने घर लाकर तंत्र-मंत्र की साधना शुरू की। आधी रात को धारदार हथियार से अजय का गला रेतकर उसकी बलि चढ़ा दी। पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, बलि के दौरान अजय के शरीर से निकले खून को पूजा में चढ़ाया गया। तड़पते हुए अजय को घर के बगल की गली में फेंक दिया गया।
पुराने रहस्यों की परतें भी खुली
पुलिस पूछताछ में संदीप ने स्वीकारा कि एक साल पहले उसने अजय के पिता जगदीश बासा की रहस्यमयी मौत भी तंत्र-मंत्र से करवाने योजना बनाई थी। पिता की मृत्यु के बाद संदीप ने उनका होटल भी खरीद लिया था। पुलिस को संदेह है कि संदीप परिवार में हुई बाकी मौतों में भी शामिल हो सकता है, क्योंकि उसके पिता और बहन की भी रहस्यमयी परिस्थितियों में मौत हो चुकी है। पिता ने पांच साल पहले फांसी लगाई थी, जबकि बहन की भी संदिग्ध मृत्यु हुई थी।
पुलिस जांच और बरामदगी
घटना की सूचना मिलते ही गोलमुरी थाना प्रभारी संजय सुमन टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घायल अजय को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उसकी रास्ते में ही मौत हो गई। मौके से पुलिस ने बक्सा, चाकू और पूजा सामग्री जब्त की है। गिरफ्तार सभी पांच आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है।
समाज में चिंता और भय
पूरा इलाका इस क्रूर घटना से स्तब्ध है। अजय के परिवार ने इंसाफ की गुहार लगाई है और पुलिस से पूरी वारदात की सच्चाई सामने लाने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि तंत्र-मंत्र और बलि जैसी कुरीतियों पर रोक लगाने के लिए अभियान चलाया जाएगा। जल्द ही पूरे मामले का पर्दाफाश करने का दावा किया जा रहा है।

