Jamshedpur: गोलमुरी थाना क्षेत्र के गाढ़ाबासा में हुई फायरिंग की घटना के मुख्य आरोपी और कुख्यात अपराधी रवींद्र सिंह उर्फ रवि खेड़ा ने पुलिस के बढ़ते दबाव के बीच मंगलवार को जमशेदपुर न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। कोर्ट में सरेंडर करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, रवि खेड़ा ने सिविल जज विश्वनाथ उरांव की अदालत में आत्मसमर्पण किया। न्यायालय में आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद कोर्ट के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश में जुटी हुई थी और गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी।
गौरतलब है कि कुछ दिनों पूर्व गोलमुरी थाना क्षेत्र में लोचन नामक युवक पर जानलेवा फायरिंग की घटना हुई थी। जांच के दौरान इस मामले में रवि खेड़ा का नाम मुख्य आरोपी के रूप में सामने आया था। घटना के बाद से वह फरार चल रहा था, जिसके कारण पुलिस ने उसके खिलाफ दबिश बढ़ा दी थी।
जानकारी के अनुसार, पुलिस द्वारा लगातार की जा रही कार्रवाई और कुर्की-जब्ती की संभावित प्रक्रिया के मद्देनजर आरोपी ने अदालत की शरण लेने का फैसला किया। इसके बाद उसने मंगलवार को न्यायालय पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक रवि खेड़ा का आपराधिक इतिहास काफी लंबा रहा है। उसके खिलाफ गोलमुरी थाना समेत शहर के विभिन्न थानों में आर्म्स एक्ट, जानलेवा हमला, रंगदारी व अन्य गंभीर धाराओं के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस अब उसके खिलाफ दर्ज मामलों में आगे की कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रही है।



