Ghatsila News: पूर्वी सिंहभूम जिले के घाटशिला विधानसभा उपचुनाव को लेकर राजनीतिक पारा चढ़ गया है। गुरुवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (गठबंधन) प्रत्याशी सोमेश चंद्र सोरेन के समर्थन में दामपाड़ा स्थित गांधनिया हाट मैदान में एक विशाल जनसभा का आयोजन किया गया। सभा की मुख्य अतिथि रहीं गांडेय विधायक और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन, जिन्होंने अपने जोशीले संबोधन से सभा में उत्साह भर दिया।

जनता का जनसैलाब, मैदान बना तीर-कमान का रंग

सुबह से ही भीड़ मैदान में जुटने लगी थी। दोपहर तक पूरा मैदान झामुमो के झंडों और नारे ‘तीर-कमान जीत सुनिश्चित’ से गूंज उठा। जब कल्पना सोरेन मंच पर पहुंचीं, तो कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी और फूल-मालाओं से उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

“घाटशिला की अस्मिता, झारखंड का स्वाभिमान”

अपने भाषण में कल्पना सोरेन ने कहा-

“घाटशिला की धरती झारखंड आंदोलन की गवाह है। यही धरती दिशोम गुरु शिबू सोरेन और रामदास दा जैसे वीरों की है, जिन्होंने राज्य की अस्मिता के लिए संघर्ष किया।”

उन्होंने जनता से अपील की कि इस उपचुनाव में झामुमो प्रत्याशी सोमेश चंद्र सोरेन को भारी मतों से जिताकर असली श्रद्धांजलि दें।

“तीर-कमान सिर्फ प्रतीक नहीं, यह घाटशिला का मान और सम्मान है। इसे मजबूत बनाना हर झारखंडी का फर्ज है।”

गठबंधन की सरकार ने दिए भरोसे के संदेश

कल्पना सोरेन ने कहा कि झारखंड सरकार गरीबों, किसानों, युवाओं और महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए लगातार काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि गठबंधन सरकार जनता के विश्वास को कभी टूटने नहीं देगी और विकास के कामों को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

स्थानीय नेता बोले- “तीर-कमान दबाकर इतिहास रचें”

सभा में झामुमो के कई वरिष्ठ नेता, प्रखंड और पंचायत स्तरीय कार्यकर्ता शामिल हुए। सभा के अंत में नेताओं ने जनता से एकजुट होकर झामुमो प्रत्याशी के समर्थन में मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि आने वाले मतदान दिवस पर घाटशिला की जनता “तीर-कमान” का बटन दबाकर एक बार फिर झारखंड की अस्मिता और विकास के पक्ष में इतिहास रचेगी

Share.
Exit mobile version