घाघरा (गुमला): घाघरा प्रखंड के किसानों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। प्रखंड मुख्यालय स्थित आत्मा कार्यालय में सोमवार को धान बीज वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ प्रखंड प्रमुख सविता देवी, बीटीएम नीरज कुमार सिंह, प्रभारी प्रखंड कृषि पदाधिकारी दिनेश पहान तथा एफपीओ के लक्ष्मीनारायण साहू ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।

कृषि विभाग की ओर से इस वर्ष किसानों को समय पर उत्तम श्रेणी का धान बीज उपलब्ध कराया जा रहा है। सबसे बड़ी राहत यह रही कि किसानों को बीज प्राप्त करने के लिए सरकारी दफ्तरों के बार-बार चक्कर नहीं लगाने पड़े। पिछले वर्षों की तुलना में इस बार वितरण व्यवस्था अधिक सुव्यवस्थित और प्रभावी नजर आई।

बीते वर्ष किसानों को धान बीज लेने के लिए 15 से 20 दिनों तक प्रखंड और कृषि विभाग के कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़े थे। इससे किसानों को समय के साथ-साथ आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ा था। वहीं इस वर्ष समय पर और सुगमता से बीज मिलने के कारण किसानों में संतोष और उत्साह का माहौल है। किसान अब खरीफ खेती की तैयारियों में तेजी से जुट गए हैं।

प्रखंड प्रमुख सविता देवी ने कहा कि इस बार किसानों को पिछले वर्ष जैसी परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ रहा है। समय पर बीज उपलब्ध होने से किसान खुश हैं और खेती का कार्य भी समय पर शुरू कर रहे हैं।

उन्होंने प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि जिस प्रकार धान का बीज समय पर उपलब्ध कराया गया है, उसी प्रकार अन्य फसलों के बीज तथा अच्छी गुणवत्ता वाली खाद भी किसानों को समय पर उपलब्ध कराई जाए। उनका कहना था कि यदि किसानों की सभी आवश्यकताएं समय पर पूरी होंगी तो इस वर्ष बेहतर उत्पादन होगा और किसानों को मानसिक एवं आर्थिक परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा।

कार्यक्रम के दौरान एटीएम पूनम बेदिया सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

Share.
Exit mobile version