पलामू। जिले के सदर थाना क्षेत्र के जोड़ इलाके के पास नेशनल हाईवे पर CNG लदे एक वाहन से अचानक गैस रिसाव शुरू हो गया। गैस रिसाव की सूचना मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, चालक की सूझबूझ और पुलिस की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, CNG से भरा वाहन चतरा से हरिहरगंज की ओर जा रहा था। किसी कारण से वाहन को वापस लौटना पड़ा और CNG को चियांकी स्थित पेट्रोल पंप पर खाली किया जाना था। इसी दौरान जोड़ इलाके के पास वाहन के सिलेंडर से तेज गैस रिसाव होने लगा।
स्थिति को भांपते हुए चालक ने वाहन को सड़क से किनारे करने की कोशिश की। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में फंस गया।
पुलिस ने डायवर्ट किया ट्रैफिक
गैस रिसाव की सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी अफजाल अंसारी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। सुरक्षा को देखते हुए पुलिस ने नेशनल हाईवे पर वाहनों की आवाजाही रोककर ट्रैफिक को दूसरे रास्ते से डायवर्ट कर दिया।
तकनीकी टीम ने रोका गैस रिसाव
पुलिस ने तुरंत तकनीकी विशेषज्ञों को मौके पर बुलाया। विशेषज्ञों और पुलिस की टीम ने सावधानी से CNG सिलेंडर के लीक हो रहे नोजल को बंद किया। इसके बाद क्रेन की मदद से वाहन को गड्ढे से बाहर निकाला गया।
थाना प्रभारी अफजाल अंसारी ने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर ट्रैफिक डायवर्ट किया गया था। तकनीकी टीम की मदद से गैस रिसाव पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। मामले में आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।




