धनबाद: जिले के बलियापुर हटिया में शनिवार शाम अज्ञात बाइक सवार अपराधियों ने एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने बेड़ा गांव के रहने वाले गुलजार खान का चाकू से गला रेत दिया और मौके से फरार हो गए।
परिजनों के अनुसार, गुलजार रोज की तरह हटिया में गमछा बेचकर घर लौट रहा था, तभी बाइक सवारों ने उस पर अचानक हमला बोल दिया।
गंभीर रूप से घायल गुलजार को तुरंत एसएनएमएमसीएच अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही बलियापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी है। आरोपियों की तलाश जारी है।




