Ranchi : झारखण्ड सरकार ने राज्य के मेधावी अनुसूचित जनजाति वर्ग के विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक पहल की है। अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग द्वारा “झारखण्ड अनुसूचित जनजाति शिक्षण उत्थान कार्यक्रम” के तहत JEE (इंजीनियरिंग) और NEET (मेडिकल) जैसी राष्ट्रीय प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क आवासीय कोचिंग सुविधा शुरू की जा रही है।
इस योजना का उद्देश्य है कि राज्य के प्रतिभाशाली जनजातीय विद्यार्थी आर्थिक स्थिति की परवाह किए बिना गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करें और डॉक्टर या इंजीनियर बनने के अपने सपनों को साकार कर सकें।
इस कार्यक्रम के अंतर्गत कुल 300 चयनित विद्यार्थियों को हिंदपीढ़ी, रांची स्थित मल्टीपर्पस हॉल-कम-ट्रेनिंग सेंटर में आवासीय कोचिंग सुविधा प्रदान की जाएगी। कार्यक्रम का संचालन मोशन एजुकेशन, कोटा के सहयोग से किया जा रहा है, जो देश की प्रमुख कोचिंग संस्थाओं में से एक है और झारखण्ड सरकार द्वारा विधिवत चयनित है।
आवासीय कोचिंग कार्यक्रम में विद्यार्थियों को पूरी तरह निःशुल्क सुविधा
- विशेषज्ञ शिक्षकों द्वारा उच्चस्तरीय कोचिंग,
- लड़के एवं लड़कियों के लिए पृथक आवासीय सुविधा,
- अध्ययन सामग्री और ई-कॉन्टेंट युक्त टैबलेट,
- पुस्तकालय एवं डिजिटल अध्ययन की व्यवस्था
पात्रता मापदंड
इस योजना का लाभ केवल झारखण्ड राज्य के अनुसूचित जनजाति (ST) वर्ग के विद्यार्थियों को मिलेगा। आवेदक राज्य का स्थायी निवासी होना चाहिए। विद्यार्थी के माता-पिता नियमित सरकारी सेवा में न हों। जो विद्यार्थी पहले से किसी अन्य सरकारी कोचिंग योजना का लाभ ले रहे हैं, वे पात्र नहीं होंगे।
आवेदन के साथ विद्यार्थियों को जाति प्रमाणपत्र, अंकपत्र, आधार कार्ड एवं पासपोर्ट साइज फोटो संलग्न करना अनिवार्य है। इच्छुक विद्यार्थी ऑनलाइन या ऑफ़लाइन दोनों माध्यमों से आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन: www.jharkhandshikshanutthan.com पर जाकर आवश्यक विवरण भरकर दस्तावेज अपलोड करें। ऑफ़लाइन आवेदन: आवेदन फॉर्म वेबसाइट से डाउनलोड किया जा सकता है या नज़दीकी ITDA या जिला कल्याण कार्यालय से प्राप्त किया जा सकता है। सही ढंग से भरे गए आवेदन पत्र को संबंधित जिला कल्याण कार्यालय में जमा करना होगा।
चयन प्रक्रिया
दस्तावेज़ सत्यापन एवं मेरिट / स्क्रीनिंग टेस्ट के आधार पर विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। चयनित विद्यार्थियों को पोर्टल या विभागीय सूचना माध्यमों से रिपोर्टिंग तिथि एवं अन्य निर्देश दिए जाएंगे। इस योजना के तहत आवेदन करने की अंतिम तिथि 19 नवम्बर 2025, अपराह्न 5 बजे तक निर्धारित की गई है। अधिक जानकारी के लिए विद्यार्थी वेबसाइट पर उपलब्ध दिशा-निर्देश पढ़ सकते हैं या 9251664830 पर संपर्क कर सकते हैं। विद्यार्थियों की सुविधा हेतु वेबसाइट तक पहुँचने के लिए QR कोड भी जारी किया गया है।



