फॉण्ट कनवर्टर NEW

पूर्णिया में 150 सीटों की मुफ्त डिजिटल लाइब्रेरी शुरू, UPSC-BPSC की तैयारी में मिलेगी मदद

पूर्णिया जिला स्कूल परिसर में वर्षों से जर्जर पड़े भवन को अब आधुनिक डिजिटल लाइब्रेरी में बदल दिया गया है। जिला प्रशासन के ‘सेवा संकल्प कायाकल्प अभियान’ के तहत इस भवन का जीर्णोद्धार कर 150 सीटों वाली लाइब्रेरी तैयार की गई है।

अपनी भाषा में पढ़ें

पटना/पूर्णिया : पूर्णिया जिला स्कूल परिसर में वर्षों से जर्जर पड़े भवन को अब आधुनिक डिजिटल लाइब्रेरी में बदल दिया गया है। जिला प्रशासन के ‘सेवा संकल्प कायाकल्प अभियान’ के तहत इस भवन का जीर्णोद्धार कर 150 सीटों वाली लाइब्रेरी तैयार की गई है।

यह लाइब्रेरी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों के लिए मुफ्त में उपलब्ध है। खासकर आर्थिक रूप से कमजोर और मध्यम वर्गीय परिवारों के छात्रों को इसका फायदा मिलेगा। पहले इन छात्रों को निजी लाइब्रेरी में पढ़ाई के लिए फीस देनी पड़ती थी।

UPSC-BPSC की तैयारी में मिलेगी मदद

लाइब्रेरी में UPSC, BPSC समेत अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए जरूरी किताबें उपलब्ध कराई गई हैं। छात्रों को हाई-स्पीड मुफ्त वाई-फाई की सुविधा भी मिलेगी। लाइब्रेरी के संचालन और छात्रों की मदद के लिए लाइब्रेरियन की व्यवस्था की गई है।

छात्रों की सुविधा के लिए अलग-अलग शौचालय भी बनाए गए हैं। लाइब्रेरी में शांत और बेहतर माहौल उपलब्ध कराया गया है, ताकि छात्र एकाग्र होकर पढ़ाई कर सकें।

छात्रों ने बताया मददगार

लाइब्रेरी में पढ़ाई करने वाले सावन सोरेन ने बताया कि वह रात में नाइट गार्ड की नौकरी करते हैं और दिन में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं। आर्थिक परेशानी के कारण उन्हें पढ़ाई छोड़ने का डर था, लेकिन मुफ्त लाइब्रेरी से उन्हें काफी मदद मिली है।

वहीं छात्रा पूजा पाल ने बताया कि लाइब्रेरी का शांत माहौल और सुविधाएं पढ़ाई में मदद कर रही हैं। छात्राओं के लिए अलग शौचालय और सुरक्षित वातावरण से उन्हें काफी सुविधा मिल रही है।

100 आंगनबाड़ी और जर्जर भवनों का भी होगा कायाकल्प

पूर्णिया के जिलाधिकारी अंशुल कुमार ने लाइब्रेरी का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि इस पहल से आर्थिक रूप से कमजोर छात्र बिना अतिरिक्त खर्च के प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर सकेंगे।

उन्होंने बताया कि ‘सेवा संकल्प कायाकल्प अभियान’ के तहत जिले में करीब 100 आंगनबाड़ी केंद्रों, सामुदायिक भवनों और अन्य जर्जर सरकारी भवनों का भी जीर्णोद्धार किया जाएगा। इन भवनों का इस्तेमाल जनहित के कामों के लिए किया जाएगा।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram