पाकुड़: मृत सरकारी सेवकों के आश्रितों को अनुकंपा के आधार पर नौकरी देने के लिए शुक्रवार को पाकुड़ समाहरणालय में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान DC मेघा भारद्वाज ने चार अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे
ये नियुक्तियां अनुकंपा नियुक्ति समिति की 4 अगस्त 2026 को हुई अनुशंसा के आधार पर दी गई हैं। समाहरणालय में खोकन लेट को सहायक सह कंप्यूटर संचालक, शीला माल और सरवन राय को अनुसेवक के पद पर नियुक्त किया गया। वहीं, शिक्षा विभाग में समीर मरांडी को निम्नवर्गीय लिपिक सह कंप्यूटर संचालक के पद पर नियुक्ति दी गई।
DC ने दी ईमानदारी से काम करने की सलाह
नियुक्ति पत्र देते हुए DC मेघा भारद्वाज ने सभी नव नियुक्त कर्मियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि अनुकंपा नियुक्ति का उद्देश्य केवल रोजगार देना नहीं, बल्कि कठिन परिस्थितियों से गुजर रहे परिवारों को आर्थिक और सामाजिक सहारा देना भी है।
उन्होंने नव नियुक्त कर्मियों को ईमानदारी, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ काम करने की सलाह दी। साथ ही जनसेवा को प्राथमिकता देने की बात कही।
कार्यक्रम में समाहरणालय के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। नियुक्ति पत्र मिलने पर नव नियुक्त कर्मियों ने जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया और पूरी निष्ठा से काम करने का भरोसा दिया।




