रांची : झारखंड में कोयला घोटाले की जांच कर रही प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम को चार लोगों की तलाश है। इनमें माधव सिंह उर्फ प्रदीप सिंह, पप्पू मंडल, गणेश यादव और रोहित यादव शामिल हैं। इन सभी पर अवैध कोयला कारोबार से जुड़े होने का आरोप है। ईडी ने चारों को पूछताछ के लिए तीन बार समन भेजा, लेकिन कोई भी अब तक जांच एजेंसी के सामने पेश नहीं हुआ है।
छापेमारी में मिले दस्तावेजों के आधार पर पूछताछ की तैयारी
कोयला घोटाले की जांच के दूसरे चरण में ईडी ने कोयला कारोबारी एलबी सिंह और अन्य बड़े कारोबारियों से जुड़े लोगों के ठिकानों पर छापेमारी की थी। इस दौरान माधव सिंह, पप्पू मंडल, गणेश यादव और रोहित यादव के घरों की भी तलाशी ली गई थी।
छापेमारी के दौरान मिले दस्तावेजों के आधार पर ईडी इन चारों से पूछताछ करना चाहती है। जांच एजेंसी को संदेह है कि इन लोगों की कोयले के वैध और अवैध कारोबार में भूमिका हो सकती है।
तीन बार समन के बावजूद नहीं पहुंचे ईडी कार्यालय
जानकारी के अनुसार, कोयला कारोबारी एलबी सिंह और उनके परिवार के सदस्यों से पूछताछ के बाद ईडी ने चारों लोगों को समन जारी किया था।
ईडी ने अब तक तीन बार समन भेजकर उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया, लेकिन चारों में से कोई भी कार्यालय नहीं पहुंचा। इतना ही नहीं, किसी ने पूछताछ के लिए अतिरिक्त समय मांगने का आवेदन भी नहीं दिया।
फिलहाल ईडी कोयला घोटाले से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है। जांच एजेंसी चारों लोगों से पूछताछ कर मामले में उनकी कथित भूमिका का पता लगाना चाहती है।




