कोडरमा : कोडरमा जिले के डोमचांच प्रखंड अंतर्गत मधुवन में बुधवार रात जंगली बांस की खुखड़ी खाने से चार बच्चे और एक महिला की तबीयत बिगड़ गई। उल्टी और पेट दर्द की शिकायत के बाद चार बच्चों को इलाज के लिए सदर अस्पताल, कोडरमा में भर्ती कराया गया है। वहीं, महिला का परिजनों ने घर पर ही प्राथमिक उपचार कराया। सदर अस्पताल में इलाजरत बच्चों में मौसम कुमारी (16), पिता निर्मल यादव, नैतिक कुमार (10), पिता रामानंद यादव, उज्जवल कुमार (10) और सूरज कुमार (12), दोनों पिता निर्मल यादव शामिल हैं।
Read More : घर बैठे करें फैशन डिजाइनिंग में डिग्री! जानिए IGNOU का यह नया BSc कोर्स क्या है?
बाजार से 400 रुपये किलो खरीदी गई थी खुखड़ी
निर्मल यादव ने बताया कि बांस की खुखड़ी को बाजार से करीब 400 रुपये प्रति किलो की दर से खरीदकर घर लाया गया था। खुखड़ी खाने के कुछ समय बाद बच्चों और महिला को उल्टी तथा पेट दर्द की शिकायत होने लगी। इसके बाद परिजनों ने बच्चों को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना के बाद परिवार में चिंता का माहौल है।
बच्चों की स्थिति पर चिकित्सकों की नजर
सदर अस्पताल में भर्ती बच्चों का इलाज किया जा रहा है। चिकित्सक उनकी स्थिति पर लगातार निगरानी रख रहे हैं। घटना के बाद परिजन बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर चिंतित हैं। वहीं, महिला का घर पर ही प्राथमिक उपचार कराया गया है।




