अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
रांची: झारखंड की राजधानी रांची में नगर निकाय चुनाव का बिगुल बज चुका है और मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर में भारी उत्साह के बीच झारखंड महिला कांग्रेस की अध्यक्ष रमा खलखो ने मेयर पद के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान उनके साथ राज्य की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की भी मौजूद रहीं, जिन्होंने रमा खलखो के समर्थन में कार्यकर्ताओं का जोश बढ़ाया।
अनुभव पर भरोसा और विकास का संकल्प
नामांकन के पश्चात आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि रांची को आज एक ऐसे नेतृत्व की जरूरत है जिसके पास अनुभव भी हो और जनता के प्रति समर्पण भी। उन्होंने कहा, “रमा खलखो केवल एक नेता नहीं, बल्कि रांची की जनभावनाओं का चेहरा हैं। अपने पिछले कार्यकाल में उन्होंने विकास कार्यों के माध्यम से अपनी कार्यकुशलता साबित की है।” मंत्री ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे एकजुट होकर घर-घर जाएं और रमा खलखो की जीत सुनिश्चित करें।
‘नगर निगम को मिलेगी नई दिशा’
रमा खलखो के आत्मीय व्यवहार और जनसंवाद की प्रशंसा करते हुए मंत्री ने कहा कि रांची के समग्र विकास, पारदर्शी प्रशासन और नागरिकों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए रमा खलखो पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि शहर की जनता एक बार फिर अपने पुराने सेवक पर भरोसा जताएगी।
कांग्रेस खेमे में भारी उत्साह
नामांकन के दौरान महिला कांग्रेस की पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का हुजूम उमड़ पड़ा। ढोल-नगाड़ों और नारों के बीच कार्यकर्ताओं ने यह संदेश देने की कोशिश की कि वे इस चुनावी जंग के लिए पूरी तरह तैयार हैं। रमा खलखो ने भी अपनी दावेदारी को मजबूती से रखते हुए कहा कि उनका लक्ष्य रांची को एक स्वच्छ, सुंदर और सुरक्षित शहर बनाना है।
बता दें कि इस बार रांची नगर निगम का चुनाव दलीय आधार पर नहीं हो रहा है, लेकिन कांग्रेस ने स्पष्ट रूप से रमा खलखो को अपना समर्थन देकर मुकाबले को ‘खलखो बनाम अन्य’ की दिलचस्प स्थिति में ला खड़ा किया है। 23 फरवरी को होने वाले मतदान के लिए अब राजधानी में चुनावी माहौल पूरी तरह गरमा गया है।

