अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Ranchi/Khunti : लोकसभा के पूर्व उपाध्यक्ष, वरिष्ठ भाजपा नेता और पद्मभूषण सम्मानित कड़िया मुंडा की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें गुरुवार को रांची के ऑर्किड अस्पताल में भर्ती कराया गया। बताया गया है कि उन्हें अचानक सांस लेने में परेशानी होने लगी थी, जिसके बाद परिजनों ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों की शुरुआती जांच में निमोनिया के लक्षण पाए गए थे।
कड़िया मुंडा पूर्व में भी इसी तरह की सांस संबंधी समस्या से जूझ चुके हैं। परिजनों के अनुसार तेज़ ठंड के कारण उनकी तबीयत प्रभावित हुई और उन्हें सांस लेने में दिक्कत होने लगी। एहतियातन उन्हें आईसीयू में रखा गया है, जहां विशेषज्ञ डॉक्टर उनकी निगरानी कर रहे हैं। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर है और वे बातचीत करने की स्थिति में हैं।
कड़िया मुंडा की सेहत बिगड़ने की खबर दिल्ली तक पहुंची, जिसके बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने फोन पर उनका हाल जाना। नड्डा ने चिकित्सकों और परिवारजनों से विस्तृत स्वास्थ्य जानकारी ली और शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
कड़िया मुंडा के पुत्र अमर मुंडा ने बताया कि गुरुवार सुबह ठंड बढ़ने के कारण पिता को सांस लेने में दिक्कत हुई, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों की निगरानी में उनकी स्थिति पहले से बेहतर है और डॉक्टर लगातार उनका इलाज कर रहे हैं।

