West Singhbhum : झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने देर रात खुद मोर्चा संभालते हुए बड़ाजामदा क्षेत्र में अवैध लौह अयस्क खनन के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। इस ‘ऑपरेशन अवैध खनन’ के तहत उन्होंने मौके पर छापेमारी कर आठ हाईवा ट्रक, एक जेसीबी मशीन और एक लोडर को जब्त कर नोवामुंडी थाना पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने इस दौरान 10 लोगों को हिरासत में लिया है।
मधु कोड़ा ने बताया कि बड़ाजामदा इलाके में लंबे समय से अवैध खनन और लौह अयस्क का परिवहन खुलेआम चल रहा था, लेकिन प्रशासन और पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जा रही थी। उन्होंने कहा, “जब जिम्मेदार विभाग निष्क्रिय बने रहे, तो मुझे खुद पहल करनी पड़ी।”
जब्त वाहनों में जेएच-06 पी 6121, जेएच-05 वाई 6315, ओडी-09 वाई 1950, जेएच-06 जी 3163, जेएच-05 एवाई 8102, ओडी-09 सी 6590, ओडी-09 जी 0280 और जेएच-05 वाई 3702 नंबर की हाईवा ट्रकें शामिल हैं। इसके अलावा हिंदुस्तान कंपनी की एक जेसीबी और एक लोडर भी पकड़ी गई है।
कोड़ा ने आरोप लगाया कि अवैध खनन के इस कारोबार में कई बड़े माफिया, सफेदपोश और तस्कर शामिल हैं। उन्होंने प्रशासन और खनन विभाग की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि जिले में गठित टास्क फोर्स केवल दिखावा बनकर रह गई है। उन्होंने राज्य सरकार से मांग की कि इस पूरे नेटवर्क की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाए



