फॉण्ट कनवर्टर NEW

वन विभाग और क्यूआरटी ने ग्रामीणों के सहयोग से घंटों मशक्कत कर हाथी को गांव से बाहर खदेड़ा

चैनपुर (गुमला)। चैनपुर प्रखंड के रामपुर पंचायत अंतर्गत बुकमा गांव में जंगली हाथी के उत्पात से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। बुधवार की रात करीब नौ बजे एक जंगली हाथी अचानक गांव में घुस आया और सुखराम तिर्की के घर को निशाना बनाते हुए

अपनी भाषा में पढ़ें

चैनपुर (गुमला)। चैनपुर प्रखंड के रामपुर पंचायत अंतर्गत बुकमा गांव में जंगली हाथी के उत्पात से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। बुधवार की रात करीब नौ बजे एक जंगली हाथी अचानक गांव में घुस आया और सुखराम तिर्की के घर को निशाना बनाते हुए उसे बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। हाथी के अचानक गांव में पहुंचने से ग्रामीणों के बीच अफरा-तफरी मच गई।

घटना के दौरान ग्रामीणों ने किसी तरह अपनी जान बचाई और हाथी से दूरी बनाए रखी। घर को नुकसान पहुंचाने के बाद हाथी काफी देर तक गांव के आसपास मंडराता रहा। इससे ग्रामीणों में भय बना रहा और लोग अपने घरों से बाहर निकलने से भी डरते रहे।

घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग सक्रिय हुआ। वनपाल राजकुमार साहू के नेतृत्व में क्विक रिस्पांस टीम मौके पर पहुंची। टीम ने ग्रामीणों के सहयोग से हाथी को गांव से बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया। देर रात तक चली मशक्कत के बाद हाथी को गांव से सुरक्षित बाहर खदेड़ दिया गया।

वन विभाग की टीम ने प्रभावित परिवार की स्थिति का जायजा लिया और ग्रामीणों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए टॉर्च सहित आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई। टीम ने ग्रामीणों को हाथी की मौजूदगी के दौरान सतर्क रहने तथा अनावश्यक रूप से उसके नजदीक नहीं जाने की सलाह दी।

ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में पिछले कुछ समय से जंगली हाथियों की आवाजाही लगातार बढ़ी है। हाथियों के कारण खेतों में लगी फसलों के साथ-साथ घरों को भी नुकसान पहुंच रहा है। रात के समय हाथियों के गांव में प्रवेश करने से लोगों को अपने परिवार और संपत्ति की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती है।

ग्रामीणों ने वन विभाग और प्रशासन से हाथियों के उत्पात से स्थायी राहत दिलाने की मांग की है। साथ ही पीड़ित सुखराम तिर्की के क्षतिग्रस्त मकान का आकलन कर नियमानुसार जल्द मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram