बोकारो: बोकारो में पहली बार राष्ट्रीय स्तर की तीरंदाजी प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। सेक्टर-4 स्थित कुमार मंगलम स्टेडियम में 18 से 27 अगस्त तक दूसरी NTPC राष्ट्रीय रैंकिंग तीरंदाजी प्रतियोगिता होगी। प्रतियोगिता को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
इस प्रतियोगिता में देश के अलग-अलग राज्यों से 900 से अधिक महिला और पुरुष तीरंदाज हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता का उद्घाटन झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार करेंगे।
प्रतियोगिता का आयोजन झारखंड तीरंदाजी संघ के मार्गदर्शन में बोकारो जिला तीरंदाजी संघ कर रहा है। इसमें सीनियर, जूनियर और सब-जूनियर वर्ग के खिलाड़ी रिकर्व और कंपाउंड वर्ग में मुकाबला करेंगे।
तीन वर्गों में होंगे मुकाबले
सीनियर वर्ग की प्रतियोगिताएं 19 और 20 अगस्त को होंगी। इसमें करीब 400 तीरंदाज हिस्सा लेंगे। जूनियर वर्ग के मुकाबले 22 और 23 अगस्त को होंगे, जिसमें 300 से अधिक खिलाड़ी भाग लेंगे। वहीं, सब-जूनियर वर्ग की स्पर्धाएं 25 और 26 अगस्त को आयोजित की जाएंगी, जिसमें करीब 200 युवा तीरंदाज शामिल होंगे।
दीपिका कुमारी और अतनु दास ने किया अभ्यास
राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारतीय तीरंदाजी के चर्चित खिलाड़ी भी बोकारो पहुंचे हैं। अंतरराष्ट्रीय तीरंदाज दीपिका कुमारी और अतनु दास ने कुमार मंगलम स्टेडियम में अभ्यास किया।
अभ्यास के दौरान दीपिका कुमारी ने युवा तीरंदाजों को एकाग्रता बनाए रखने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि खेल में सफलता के लिए लगातार मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास जरूरी है। नियमित अभ्यास और लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करने से खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं।
इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता से झारखंड के उभरते तीरंदाजों को देश के अनुभवी खिलाड़ियों से सीखने और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अच्छा मौका मिलेगा।




