अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Simdega : झारखंड राज्य खाद्य आयोग की प्रभारी अध्यक्ष शबनम परवीन के नेतृत्व में गुरुवार को सिमडेगा जिले में विभिन्न योजनाओं एवं संस्थानों का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का उद्देश्य सरकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत का आकलन और जनहित से जुड़े मुद्दों पर सुधार लाना था।
सबसे पहले आयोग की टीम ने पीडीएस दुकान, सरस्वती महिला स्वयं सहायता समूह (अनुज्ञप्ति संख्या 29/2009, छगरिबांधा) का निरीक्षण किया। जांच के दौरान सूचना पट्ट अंकित नहीं पाया गया। डीलर ने बताया कि EPOS मशीन की बैटरी फूलने के कारण वह खराब है और उसे आपूर्ति कार्यालय में जमा किया गया है। लाभुकों से पूछताछ पर बताया गया कि उन्हें पूरा राशन मिल रहा है और कोई शिकायत नहीं है। आयोग ने डीलर को सूचना पट्ट लगाने तथा संबंधित जानकारी अंकित करने का निर्देश दिया।
इसके बाद टीम ने उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय, छगरिबांधा (कोलेबिरा) का निरीक्षण किया, जहां 17 नामांकित बच्चों में से 13 उपस्थित पाए गए। बच्चों ने बताया कि उन्हें मेन्यू के अनुसार भोजन मिलता है और किसी प्रकार की शिकायत नहीं है। फुलवारटांगर, आरानी पंचायत स्थित पीडीएस दुकान का भी निरीक्षण किया गया, जहां सूचना पट्ट नहीं था। प्रभारी अध्यक्ष ने डीलर को निर्देश दिया कि सूचना पट्ट अनिवार्य रूप से लगाया जाए। राजकीयकृत मध्य विद्यालय, ठाकुरटोली के निरीक्षण में भोजन की गुणवत्ता सही पाई गई और सूचना पट्ट ठीक से अंकित था। बच्चों ने मेन्यू के अनुरूप भोजन मिलने की पुष्टि की।
आंगनबाड़ी केंद्र, कुंजनगर (सलडेगा-2) में एक धात्री माता ने बताया कि उन्हें प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना (PMMVY) की राशि नहीं मिली। आयोग ने उन्हें शिकायत हेतु व्हाट्सएप नंबर उपलब्ध कराया। अन्य लाभुकों ने राशि एवं पोषाहार मिलने की बात कही। बच्चों ने बताया कि उन्हें नियमित रूप से अंडा, खिचड़ी और हलुआ मिलता है। प्रभारी अध्यक्ष ने निर्देश दिया कि जिन लाभुकों के फॉर्म अब तक नहीं भरे गए हैं, उन्हें शीघ्र पूरा किया जाए। राजकीयकृत मध्य विद्यालय, घोचोटोली के निरीक्षण में बच्चों ने बताया कि उन्हें मेन्यू के अनुसार भोजन मिलता है, और जो बच्चे अंडा नहीं खाते, उन्हें मौसमी फल दिए जाते हैं। मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र, घोचोटोली में बच्चों ने कभी-कभी अंडा मिलने की शिकायत की। जांच में पता चला कि पूर्व सेविका के सेवानिवृत्त होने के बाद अंडा वितरण बंद था। वर्तमान सेविका अब सप्ताह में दो दिन अंडा दे रही हैं। आयोग ने निर्देश दिया कि बच्चों को प्रतिदिन अंडा दिया जाए।
मनोज कुमार (पीडीएस दुकान, अनुज्ञप्ति संख्या 19/2003, शहरी क्षेत्र सिमडेगा) के निरीक्षण में पाया गया कि अक्टूबर 2025 माह का 100 प्रतिशत राशन वितरण किया गया है। अंत में आयोग ने पीएम राजकीयकृत उच्च विद्यालय (उर्दू) का निरीक्षण किया। यहां जानकारी मिली कि सभी छात्र अपने घर से भोजन के बर्तन लाते हैं, और विद्यालय प्रशासन ने विभाग से बर्तनों की मांग की है। निरीक्षण के अंत में श्रीमती परवीन ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी योजनाओं का क्रियान्वयन पारदर्शी और लाभुक-केंद्रित तरीके से सुनिश्चित किया जाए।

