कांके। कांके अंचल कार्यालय में इन दिनों एसआईआर (SIR) प्रक्रिया के साथ जाति, आय एवं आवासीय प्रमाण पत्र बनवाने को लेकर लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है। सुबह से ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और आम लोग जरूरी दस्तावेज लेकर अंचल कार्यालय पहुंच रहे हैं। आवेदन जमा करने और दस्तावेजों की प्रक्रिया पूरी कराने के लिए कार्यालय परिसर में लंबी कतारें लग रही हैं।

भीड़ अधिक होने के कारण कई आवेदकों को अपनी बारी के लिए घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। कार्यालय कर्मियों द्वारा आवेदनों की जांच करने के साथ दस्तावेजों का सत्यापन किया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि जाति, आय और आवासीय प्रमाण पत्र कई सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के अलावा विभिन्न शैक्षणिक, नौकरी एवं अन्य जरूरी कार्यों में भी आवश्यक होते हैं।
वहीं, SIR प्रक्रिया को लेकर भी लोगों में जागरूकता बढ़ी है, जिसके कारण अंचल कार्यालय में आवेदकों की संख्या लगातार बढ़ रही है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त काउंटर और पर्याप्त कर्मचारियों की व्यवस्था की जाये। इससे आवेदकों को लंबी कतार और इंतजार से राहत मिलेगी तथा प्रमाण पत्र से संबंधित कार्य भी समय पर पूरा हो सकेगा।




