सारण: जिले में बाढ़ की गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य तेज कर दिया है। बाढ़ प्रभावित इलाकों में रेस्क्यू अभियान के लिए एनडीआरएफ के अलावा एसडीआरएफ की 10 अतिरिक्त मोटर बोट तैनात की गई हैं। इन नावों से बाढ़ में फंसे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है।
बाढ़ पीड़ितों के लिए प्रशासन की ओर से सूखा राशन और अन्य जरूरी सामान की व्यवस्था की जा रही है। इसी को लेकर जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और वरीय पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार ने देर रात छपरा स्थित खेल भवन का औचक निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने सूखा राशन के पैकेट तैयार करने और उनकी गुणवत्ता की जांच की। उन्होंने अधिकारियों को राहत सामग्री का तेजी से और पारदर्शी तरीके से वितरण करने का निर्देश दिया।
वहीं, पानापुर प्रखंड में बाढ़ के पानी में डूबने से दो युवकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान चकिया निवासी अनिल कुमार और फजुली निवासी सत्यम कुमार के रूप में हुई है। प्रशासन ने दोनों मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये का अनुग्रह अनुदान दिया।
यह राशि महाराजगंज सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, तरैया विधायक जनक सिंह, जिलाधिकारी और एसएसपी की मौजूदगी में परिजनों को दी गई।
जिला प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और तेज बहाव वाले पानी में नहीं जाने की अपील की है। प्रशासन ने कहा कि बाढ़ में फंसे लोगों की जानकारी तुरंत स्थानीय अधिकारियों को दें, ताकि रेस्क्यू टीम समय पर मदद पहुंचा सके। प्रभावित इलाकों में भोजन, पेयजल, दवाइयां और चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।



