रांची: हिजाब, बुर्का और मास्क पहनकर बाहर निकलने वाले लोगों को संदिग्ध मानने संबंधी कथित भ्रामक सोशल मीडिया पोस्ट के मामले में रांची साइबर क्राइम थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। जिला जनसंपर्क पदाधिकारी उर्वशी पांडेय की शिकायत पर पुलिस ने यह कार्रवाई की है।
शिकायत के मुताबिक, ‘Hidden Biography’ नाम के फेसबुक पेज से 28 सितंबर को एक पोस्ट शेयर की गई थी। इसमें दावा किया गया था कि हिजाब, बुर्का या मास्क पहनकर बाहर निकलने वालों को संदिग्ध माना जाएगा। पोस्ट में यह भी दावा किया गया था कि बिहार के बाद ऐसा नियम झारखंड में भी लागू कर दिया गया है।
पोस्ट में मुख्यमंत्री की तस्वीर और कुछ ग्राफिक्स का इस्तेमाल किया गया था। शिकायतकर्ता ने इसे भ्रामक बताते हुए कहा है कि ऐसी जानकारी से लोगों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा हो सकती है और लोक शांति प्रभावित होने की आशंका है।
शिकायत में फेसबुक पेज के संचालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। पोस्ट के अंत में लोगों से कथित फैसले के समर्थन को लेकर सवाल भी पूछा गया था।
प्राथमिकी दर्ज होने के बाद साइबर क्राइम थाना की पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस सोशल मीडिया पोस्ट और उसमें किए गए दावों की सत्यता से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।




