रांची: चुटिया थाना क्षेत्र के पावर चौक के पास बुधवार रात ज्वेलरी दुकानदार और स्थानीय युवकों के बीच मारपीट हो गई। घटना में दोनों पक्षों के करीब छह लोग घायल हुए हैं। गुरुवार को बड़ी संख्या में स्थानीय लोग चुटिया थाना पहुंचे और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
बताया गया कि ज्वेलरी दुकान के संचालक और चुटिया के नायक टोली के कुछ युवकों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई। घायलों में कुछ लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि गंभीर रूप से घायल लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट का आरोप लगाया है। स्थानीय लोगों ने पुलिस के सामने अपनी बात रखते हुए कहा कि दोनों पक्षों के लोग घायल हुए हैं, इसलिए सभी के बयान दर्ज कर निष्पक्ष तरीके से जांच की जानी चाहिए।
लोगों ने पुलिस से घटनास्थल के साक्ष्यों और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर दोषियों पर कार्रवाई करने की मांग की।
पुलिस ने थाना पहुंचे लोगों से मामले की जानकारी ली। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना की जांच की जा रही है। दोनों पक्षों से मिली जानकारी और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।




