रांची। झारखंड रक्षा शक्ति विश्वविद्यालय (JRSU) में दीक्षांत समारोह के लिए 2,100 रुपये शुल्क लिए जाने का विरोध शुरू हो गया है। आजसू छात्र संघ के नेतृत्व में दर्जनों विद्यार्थियों ने गुरुवार, 3 सितंबर को विश्वविद्यालय के मुख्य गेट पर प्रदर्शन किया और नारेबाजी की।
प्रदर्शन को देखते हुए रांची जिला प्रशासन और पुलिस की ओर से सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे। विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।
300 से बढ़कर 2100 रुपये हुई फीस
प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने बताया कि पहले दीक्षांत समारोह के लिए करीब 300 से 600 रुपये तक शुल्क लिया जाता था। इस बार विश्वविद्यालय ने इसे बढ़ाकर 2,100 रुपये कर दिया है।
छात्रों का आरोप है कि CLC और माइग्रेशन सर्टिफिकेट के लिए पहले ही 900 रुपये शुल्क लिया जा रहा है। ऐसे में दीक्षांत समारोह के लिए 2,100 रुपये की फीस तय करना छात्रों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ है।
विश्वविद्यालय की व्यवस्था पर भी सवाल
आजसू छात्र संघ ने फीस बढ़ोतरी के साथ विश्वविद्यालय की व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। छात्र संघ ने शिक्षकों की शैक्षणिक योग्यता और नियुक्ति प्रक्रिया की जांच कराने की मांग की।
इसके अलावा छात्रवृत्ति वितरण, परीक्षा व्यवस्था और पढ़ाई की गुणवत्ता की भी जांच की मांग की गई।
आंदोलन तेज करने की चेतावनी
आजसू छात्र संघ ने दीक्षांत समारोह की बढ़ी हुई फीस वापस लेने या कम करने की मांग की है। साथ ही CLC और माइग्रेशन शुल्क की समीक्षा करने तथा विश्वविद्यालय की शिक्षा और परीक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग की गई है।
छात्र संघ ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द फीस में राहत नहीं दी गई तो आंदोलन को राज्य स्तर पर और तेज किया जाएगा।




