खूंटी : झारखंड के खूंटी जिले में संत मिखाइल स्कूल के फादर बेनेदिक बारला उर्फ फादर बेनी पर अज्ञात हमलावरों ने जानलेवा हमला कर दिया। घटना के बाद फादर अपने कमरे में बेहोश मिले। उन्हें तुरंत खूंटी सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची के रिम्स रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
कमरे में बेहोश मिले फादर बेनेदिक बारला
स्कूल के फादर अनिल कुमार होरो ने बताया कि बुधवार की सुबह उन्हें सूचना मिली कि फादर बेनेदिक बारला अपने कमरे में बेहोश पड़े हैं। जब वे कमरे में पहुंचे तो वहां सामान बिखरा हुआ था। इसके बाद उन्होंने फादर निकोलस और संजय सोरेंग की मदद से घायल फादर को सदर अस्पताल पहुंचाया।
बताया जा रहा है कि फादर बेनेदिक बारला वर्ष 2009 से संत मिखाइल स्कूल में सेवा दे रहे हैं। इस घटना के बाद स्कूल परिसर और आसपास के इलाके में डर का माहौल है।
देर रात या सुबह हमला होने की आशंका
फादर अनिल कुमार होरो ने आशंका जताई है कि हमला देर रात या सुबह के समय हुआ होगा। उन्होंने बताया कि रात में स्कूल के उस हिस्से में कोई दूसरा व्यक्ति नहीं रहता है। हालांकि, फादर पर गोली चलाई गई या किसी धारदार हथियार से हमला किया गया, इसकी पुष्टि मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
एसपी ने घटनास्थल पर पहुंचकर ली जानकारी
घटना की सूचना मिलने पर खूंटी के एसपी ऋषभ गर्ग, डीएसपी मंगल सिंह जामुदा और थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एसपी ने बताया कि सुबह करीब 9 बजे फादर पर हमले की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस ने घायल फादर को इलाज के लिए सुरक्षा के बीच रिम्स भेजा। एसपी के अनुसार, फिलहाल उनकी हालत स्थिर है।
सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही पुलिस
पुलिस घटना के कारणों और हमलावरों की पहचान करने में जुटी है। स्कूल परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। एसपी ने बताया कि फादर को किस हथियार से चोट पहुंचाई गई है, इसका पता विस्तृत मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद चलेगा। पुलिस ने आरोपियों की जल्द पहचान कर गिरफ्तारी का भरोसा दिया है।




