Palamu News: पलामू के मेदिनीनगर में ठगी का एक ऐसा ‘मायावी’ खेल खेला गया है जिसे सुनकर इलाके में खलबली मच गई है। लोग हैरान हैं कि आखिर एक पढ़ी-लिखी महिला पर्यवेक्षिका (Supervisor) कैसे किसी अनजान के झांसे में आ गई। मामला बाल विकास परियोजना से जुड़ी पुष्पा कुमारी का है, जिन्हें एक तथाकथित बाबा ने अपनी बातों के जाल में ऐसा उलझाया कि वे अपनी सुध-बुध खो बैठीं।

“52 कदम पीछे चलो और सब ठीक हो जाएगा!”

घटना रविवार शाम की है। पुष्पा कुमारी बैरिया इलाके में खरीदारी करने निकली थीं, तभी उन्हें एक बाबा और उसका सहयोगी मिला। बाबा ने पहले ‘डॉ. कविता’ का पता पूछकर उन्हें रोका और फिर ‘बागेश्वर बाबा’ का नाम लेकर उनके इकलौते बेटे पर भारी संकट की बात कह दी। भईया, माँ का दिल तो वैसे ही कोमल होता है, बेटे पर आफत की बात सुनते ही पुष्पा जी के हाथ-पांव फूल गए। बाबा ने कहा कि अगर संकट टालना है, तो घर के सारे जेवरात और कैश का ‘शुद्धिकरण’ करना होगा।

सम्मोहन या अंधविश्वास? मिनटों में सब साफ

पुष्पा जी बाबा के सम्मोहन में ऐसी फंसीं कि घर जाकर अपनी सारी गाढ़ी कमाई—गहने और नगद—लाकर बाबा के झोले में डाल दी। ठग बाबा ने उन्हें झांसा दिया कि वे बिना पीछे मुड़े 52 कदम चलें, तभी मंत्र काम करेगा। जैसे ही महिला 52 कदम आगे बढ़ीं, पीछे मुड़कर देखा तो न वहां बाबा था और न ही उसका साथी। कड़ाके की कनकनी (ठंड) के बीच पुष्पा जी के पैरों तले जमीन खिसक गई। शहर थाना पुलिस अब मामले की जांच में जुटी है, लेकिन शातिर ठगों का अब तक कोई सुराग नहीं मिला है।

इस खबर को भी पढ़ें : गहने चमकाने के बहाने घर में घुसे बदमाश, गहने लेकर फरार

Share.
Exit mobile version