रांची: राजधानी रांची में धर्मसभा और दीपावली को देखते हुए 6 से 8 नवंबर तक ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया गया है। शहर में जाम की समस्या से बचने और यातायात को सुचारू रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने विशेष इंतजाम किए हैं। इस संबंध में यातायात पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से निर्देश जारी किया गया है।
जारी निर्देश के अनुसार, इन तीन दिनों में शहर के कई प्रमुख रास्तों पर वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे प्रतिबंधित रास्तों पर जाने से बचें और यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें।
अपर बाजार में दोपहर 12 से रात 12 बजे तक रोक
6 से 8 नवंबर तक अपर बाजार में दोपहर 12 बजे से रात 12 बजे तक सभी तरह के चारपहिया वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। इस दौरान अपर बाजार जाने वाले लोगों को वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करना होगा।
इसके अलावा खेलगांव चौक से सुजाता चौक के बीच छोटे और बड़े सभी मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। वहीं, विक्रांत चौक से काली मंदिर चौक तक भी मालवाहक वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा।
जरूरत पड़ने पर अन्य रास्तों पर भी होगा डायवर्जन
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, शहर में भीड़ और यातायात की स्थिति को देखते हुए जरूरत पड़ने पर अन्य रास्तों पर भी ट्रैफिक डायवर्जन किया जा सकता है। कुछ मार्गों पर वाहनों की आवाजाही अस्थायी रूप से रोकी जा सकती है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे घर से निकलने से पहले ट्रैफिक व्यवस्था का ध्यान रखें और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें, ताकि त्योहार के दौरान आवागमन में परेशानी न हो।





