फॉण्ट कनवर्टर NEW

चुनाव आयोग ने 40 पोर्टल जोड़कर लॉन्च किया एक डिजिटल प्लेटफॉर्म ECI Net

भारत निर्वाचन आयोग ने 40 अलग-अलग पोर्टलों को एकीकृत कर 'ECI Net' लॉन्च किया है, जहां वोटर रजिस्ट्रेशन से लेकर बीएलओ से समाधान तक सभी सुविधाएं मिलेंगी।

अपनी भाषा में पढ़ें

Patna: भारत निर्वाचन आयोग ने मतदाताओं, राजनीतिक दलों और चुनाव अधिकारियों की सुविधा के लिए 40 से अधिक अलग-अलग पोर्टलों को एकीकृत कर एकल डिजिटल प्लेटफॉर्म ‘ईसीआईनेट’ (ECI Net) लॉन्च किया है। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने राजधानी पटना से ईसीआई 2.0 और ईसीआईनेट का शुभारंभ किया। इस नए एकीकृत प्लेटफॉर्म के जरिए वोटर लिस्ट में नाम जांचने से लेकर बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) से सीधे संपर्क और समाधान की सुविधा एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गई है।

40 पोर्टलों का झंझट खत्म, एक प्लेटफॉर्म पर सभी सुविधाएं

पूर्व में मतदाताओं को वोटर हेल्पलाइन, सी-विजिल, सक्षम, वोटर टर्नआउट और ‘नो योर कैंडिडेट’ (KYC) जैसे विभिन्न कार्यों के लिए अलग-अलग ऐप्स और पोर्टल्स का उपयोग करना पड़ता था। अब इन सभी सेवाओं को ईसीआईनेट पर समाहित कर दिया गया है। आयोग के अनुसार, अब तक लगभग 11 करोड़ नागरिक इस ऐप को डाउनलोड कर चुके हैं और वर्ष के अंत तक इसे 30 करोड़ उपयोगकर्ताओं तक पहुंचाने का लक्ष्य तय किया गया है।

क्या हैं ईसीआईनेट की प्रमुख विशेषताएं?

इस नए प्लेटफॉर्म पर चुनावी प्रक्रिया से जुड़े कई महत्वपूर्ण फीचर्स शामिल किए गए हैं:

  • वोटर सर्विसेज: फॉर्म 6, 7 और 8 के जरिए नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन की सुविधा।

  • बीएलओ से सीधा संपर्क: नागरिक ऐप के माध्यम से सीधे अपने बीएलओ के साथ कॉल बुक कर सकते हैं।

  • उम्मीदवारों का ब्योरा: ‘नो योर कैंडिडेट’ मॉड्यूल से प्रत्याशियों के आपराधिक रिकॉर्ड, संपत्ति, देनदारी और शिक्षा की जानकारी।

  • रियल-टाइम ट्रेंड्स: मतदान दिवस पर पोलिंग स्टेशन और वोटिंग प्रतिशत के लाइव आंकड़े।

22 भाषाओं में उपलब्ध, 11 लाख से अधिक बीएलओ जुड़े

ईसीआईनेट 22 भारतीय भाषाओं और अंग्रेजी में उपलब्ध है। प्लेटफॉर्म पर 11 लाख से अधिक बीएलओ पंजीकृत हैं, जबकि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत 150 करोड़ से अधिक दस्तावेजों को डिजिटाइज किया गया है।

प्रशासनिक स्तर पर ईआरओ नेट, बीएलओ ऐप, ऑब्जर्वर, डीईओ और सीईओ को भी इसी एक सिस्टम पर ऑनबोर्ड किया गया है।

कब तैयार हुआ था मॉडल?

ईसीआईनेट की रूपरेखा मई 2025 में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार, चुनाव आयुक्त डॉ. सुखबीर सिंह संधू और डॉ. विवेक जोशी के नेतृत्व में तैयार की गई थी। इसके बाद 22 जनवरी 2026 को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित अंतरराष्ट्रीय लोकतंत्र और चुनाव प्रबंधन सम्मेलन (IICDEM) में इसे वैश्विक मंच पर पेश किया गया था। यह ऐप एंड्रॉयड और आईओएस दोनों प्लेटफॉर्म पर डाउनलोड के लिए उपलब्ध है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram