रांची: कोयला कारोबारी एलबी सिंह के साले रंजीत कुमार सिंह से आज, 18 अगस्त को प्रवर्तन निदेशालय (ED) पूछताछ करेगा। ED ने रंजीत सिंह को रांची स्थित अपने क्षेत्रीय कार्यालय में उपस्थित होने का निर्देश दिया है।
जानकारी के अनुसार, रंजीत सिंह से पूछताछ के बाद एलबी सिंह के भाई विश्व विजय सिंह से पूछताछ होगी। विश्व विजय सिंह को 19 अगस्त और एलबी सिंह की पत्नी आरती सिंह को 20 अगस्त को ED के सामने पेश होने का निर्देश दिया गया है।
दस्तावेजों की जांच के बाद समन
बताया जा रहा है कि कोयला घोटाले से जुड़े मामले में ED ने दूसरे चरण की छापेमारी के दौरान मिले दस्तावेजों की प्रारंभिक जांच के बाद इन लोगों को समन जारी किया है। सभी को अपनी और परिवार के सदस्यों की संपत्ति समेत अन्य जरूरी जानकारी और दस्तावेज साथ लाने को कहा गया है। दूसरे चरण की छापेमारी के दौरान ED ने करीब 160 करोड़ रुपये के निवेश को फ्रीज किया था। इसके अलावा 200 से अधिक सेल डीड भी जब्त किए गए थे।
अब ED इन दस्तावेजों और संपत्ति से जुड़े मामलों को लेकर रंजीत सिंह समेत अन्य लोगों से पूछताछ कर रही है।




