World News: फिलीपींस के दक्षिणी हिस्से में स्थित मिंडानाओ द्वीप के तट के पास बुधवार सुबह तेज भूकंप के झटके महसूस किए गए। अचानक आए झटकों से लोग सहम गए और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

फिलीपींस इंस्टीट्यूट ऑफ वोल्केनोलॉजी एंड सीस्मोलॉजी यानी PHIVOLCS के मुताबिक भूकंप की तीव्रता 6.7 मापी गई। भूकंप सुबह 11:02 बजे स्थानीय समय पर आया। इसका केंद्र दावाओ ओरिएंटल प्रांत के तटीय कस्बे मैनाय से करीब 47 किलोमीटर दूर समुद्र में था। भूकंप की गहराई लगभग 42 किलोमीटर बताई गई है।

इस खबर को भी पढ़ें : भोरे-भोरे कांपी धरती! असम समेत कई राज्यों में तेज भूकंप

तेज झटकों का असर पूरे मिंडानाओ द्वीप में देखा गया। कई इलाकों में लोग अपने घरों, दफ्तरों और दुकानों से बाहर निकल आए। कुछ जगहों पर लोगों ने खुले मैदानों में खड़े होकर हालात सामान्य होने का इंतजार किया। हालांकि भूकंप की वजह से फिलहाल किसी बड़े नुकसान या जान-माल के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है।

स्थानीय पुलिस और आपदा प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों ने भी पुष्टि की है कि अब तक किसी तरह की गंभीर क्षति या चोट की खबर सामने नहीं आई है। राहत एजेंसियां सतर्क हैं और तटीय व संवेदनशील इलाकों पर नजर रखी जा रही है।

PHIVOLCS ने यह भी चेतावनी दी है कि भूकंप के बाद आफ्टरशॉक्स आने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। खासकर भूकंप के केंद्र के आसपास के इलाकों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने और आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने को कहा है।

गौरतलब है कि फिलीपींस भूकंप के लिहाज से बेहद संवेदनशील देशों में शामिल है। यह इलाका ‘पैसिफिक रिंग ऑफ फायर’ में आता है, जहां टेक्टोनिक प्लेटों की लगातार हलचल के कारण अक्सर भूकंप आते रहते हैं। बीते महीनों में भी इस क्षेत्र में कई बार धरती कांप चुकी है, जिससे लोगों में डर बना रहता है।

Share.
Exit mobile version