फॉण्ट कनवर्टर NEW

Advertisement
Advertisement

नशे में विवाद, बेंत से पीटने के बाद रस्सी से घोंटा गला, बिट्टू सिंह हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा

सिठियो डैम साइड झाड़ियों में मिले शव की गुत्थी सुलझी: दोस्त ही निकले कातिल, कार और बेंत के साथ दो आरोपी दबोचे गए

अपनी भाषा में पढ़ें

रांची। राजधानी के धुर्वा थाना क्षेत्र स्थित सिठियो गांव के पास डैम किनारे झाड़ियों में मिले अज्ञात युवक के शव की गुत्थी को रांची पुलिस ने सुलझा लिया है। मृतक की पहचान धुर्वा के शर्मा मार्केट (सेक्टर-9) निवासी 31 वर्षीय बिट्टू सिंह के रूप में हुई है। पुलिस अनुसंधान में सामने आया कि शराब पीने के दौरान उपजे आपसी विवाद के बाद बिट्टू के ही परिचितों ने पहले बेंत से बेरहमी से उसकी पिटाई की और फिर रस्सी से गला घोंटकर उसकी जान ले ली। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

डैम किनारे मिला था शव, पिता के बयान पर दर्ज हुआ था केस

घटना का खुलासा 6 नवंबर 2026 की सुबह हुआ, जब सिठियो डैम के पास ग्रामीणों ने झाड़ियों में एक शव देखा। सूचना मिलते ही धुर्वा थाना की पुलिस मौके पर पहुँची। प्रथम दृष्टया यह साफ हो गया था कि युवक की हत्या कर साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को यहाँ फेंका गया है। मृतक के पिता ओमप्रकाश सिंह के लिखित आवेदन पर अज्ञात अपराधियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) और 238(ए) के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की गई।

तकनीकी साक्ष्य और सीसीटीवी फुटेज से खुला राज

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक की निगरानी और हटिया डीएसपी नीरज कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, मोबाइल लोकेशन का तकनीकी विश्लेषण किया और गुप्तचरों की मदद ली। कड़ियाँ जुड़ते ही पुलिस ने दो संदिग्धों संजय कुमार सिंह (30 वर्ष, निवासी शर्मा रोड, धुर्वा) और बॉबी विश्वकर्मा (27 वर्ष, निवासी लाह फैक्ट्री, हिन्दपीढ़ी) को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

विवाद के बाद पहले बेंत से पीटा, फिर घोंट दिया गला

कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपियों ने बताया कि घटना के दिन उन्होंने बिट्टू सिंह के साथ मिलकर शराब पी थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच तीखी नोकझोंक और मारपीट शुरू हो गई। गुस्से में आकर दोनों ने कार में रखे लकड़ी के बेंत से बिट्टू की बेतहाशा पिटाई कर दी, जिससे वह बेहोश होकर गिर पड़ा। इसके बाद पकड़े जाने के डर से दोनों ने रस्सी से उसका गला घोंटकर हत्या कर दी और शव को डैम किनारे फेंककर फरार हो गए।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल कार, हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का बेंत और दो मोबाइल फोन बरामद कर लिए हैं। गिरफ्तार आरोपी संजय कुमार सिंह का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ धुर्वा थाने में मारपीट व सड़क दुर्घटना से जुड़े दो पुराने मामले दर्ज हैं।
Advertisement
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram