Mexico City: दुनिया के सबसे खूंखार आपराधिक संगठनों में शुमार ‘जलिस्को न्यू जेनरेशन कार्टेल’ (CJNG) के प्रमुख ‘एल मेंचो’ का अंत हो गया है। अमेरिका द्वारा 100 करोड़ रुपये से अधिक के इनामी घोषित किए गए इस ड्रग माफिया को पकड़ने के लिए मेक्सिको की सेना, नेशनल गार्ड और वायुसेना ने एक संयुक्त और गुप्त अभियान चलाया था। हालांकि, एल मेंचो की मौत की खबर फैलते ही मेक्सिको के 20 राज्यों में जबरदस्त हिंसा भड़क उठी है, जिसे काबू करने के लिए सरकार ने 9,500 से अधिक सैनिकों को तैनात किया है।

गर्लफ्रेंड के भरोसेमंद ने दिया सुराग

सुरक्षा एजेंसियां पिछले कई सालों से एल मेंचो की तलाश में थीं। जांच के दौरान अधिकारियों को उसकी एक गर्लफ्रेंड के बारे में पता चला, जिस पर वह अटूट विश्वास करता था। एजेंसियों ने सीधे महिला से संपर्क करने के बजाय उसके एक बेहद करीबी शख्स से तालमेल बिठाया। इसी शख्स ने पल-पल की जानकारी सेना तक पहुंचाई। 21 फरवरी को जब उसकी गर्लफ्रेंड वहां से निकली, तब एल मेंचो अपने गार्ड्स के साथ वहीं रुका रहा। इसी मौके का फायदा उठाकर सुरक्षा बलों ने तापाल्पा के बाहरी इलाके में स्थित एक केबिन परिसर को घेर लिया।

जंगल में पीछा कर पकड़ा, रास्ते में हुई मौत

रविवार सुबह हुई इस मुठभेड़ में कार्टेल के 8 सदस्य मारे गए। भारी गोलीबारी के बीच एल मेंचो जंगल की ओर भागा, लेकिन स्पेशल फोर्स की टीम ने पीछा कर उसे और उसके दो गार्ड्स को गंभीर हालत में दबोच लिया। अधिकारियों के मुताबिक, एल मेंचो को हेलिकॉप्टर से राजधानी ले जाया जा रहा था, लेकिन जख्मों के कारण रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इस अभियान में अमेरिका से मिली खुफिया जानकारी ने अहम भूमिका निभाई।

हिंसा की आग में झुलसा मेक्सिको

अपने आका की मौत से बौखलाए कार्टेल के सदस्यों ने जलिस्को समेत देश के कई हिस्सों में आगजनी और गोलीबारी शुरू कर दी है। इस हिंसा में अब तक दर्जनों लोगों की जान जा चुकी है, जिनमें सुरक्षाकर्मी और नागरिक शामिल हैं। उपद्रवियों ने कई बैंकों और दुकानों को फूंक दिया है। राष्ट्रपति क्लाउडिया शीनबाउम ने सेना की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा है कि देश में शांति बहाली उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Read more: ब्राजील में खून से सनी गलियां: ड्रग माफिया के खिलाफ जंग में 64 की मौ’त, 75 घायल

Share.
Exit mobile version