Ranchi : झारखंड की कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने सोमवार को राष्ट्रीय वयोश्री योजना के तहत चान्हो प्रखंड के पंडरी पंचायत सचिवालय परिसर में दिव्यांगजनों के बीच व्हील चेयर और अन्य सहायक उपकरणों का वितरण किया। इस दौरान पंडरी, बलसोकरा और पतरातु पंचायत के कुल 222 लाभुकों को उपकरण प्रदान किए गए।

कार्यक्रम में संबोधित करते हुए मंत्री तिर्की ने कहा कि सरकार का लक्ष्य समाज के हर जरूरतमंद तक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजन समाज का विशेष दायित्व वाला वर्ग हैं और उनकी मुस्कान लौटाना सरकार की प्राथमिकता है। मंत्री ने लाभुकों से इन उपकरणों का सही उपयोग करने की अपील की।

मौके पर उन्होंने यह भी बताया कि पंडरी पंचायत में मैरेज हॉल निर्माण का वादा जल्द पूरा किया जाएगा। साथ ही, उन्होंने किसानों से अपील की कि जो बिरसा फसल बीमा योजना के तहत निबंधित हैं, वे चक्रवात से हुए फसल नुकसान की जानकारी टोल फ्री नंबर 14447 पर दें, ताकि उन्हें मुआवजा मिल सके। जिन किसानों ने बीमा नहीं कराया है, उन्हें आपदा प्रबंधन विभाग के माध्यम से राहत दी जाएगी।

मंत्री ने मतदाताओं से भी अनुरोध किया कि बीएलओ द्वारा चलाए जा रहे एसआईआर अभियान के तहत अपने नाम का सत्यापन अवश्य कराएं। कार्यक्रम में मोहम्मद इस्तियाक, पार्वती उरांव, तजमूल अंसारी, चंद्रमोहली पांडेय सहित बड़ी संख्या में लाभुक उपस्थित रहे।

Share.
Exit mobile version