अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Dhanbad News: कोयलांचल की सफाई व्यवस्था इन दिनों पूरी तरह चरमरा गई है। अपनी मांगों को लेकर पिछले तीन दिनों से हड़ताल पर बैठे धनबाद नगर निगम के सफाई कर्मियों को अब विधायक रागिनी सिंह का बड़ा समर्थन मिला है। विधायक ने नगर निगम प्रशासन की उदासीनता पर कड़ा प्रहार करते हुए साफ कर दिया है कि अगर शुक्रवार तक कर्मियों की समस्याओं का समाधान नहीं निकाला गया, तो वह शनिवार से खुद अनिश्चितकालीन धरने पर बैठेंगी।
एजेंसी और निगम की ‘नूराकुश्ती’ में पिस रहे मजदूर; रागिनी सिंह ने नगर आयुक्त को घेरा
विधायक रागिनी सिंह ने आंदोलन को जायज ठहराते हुए कहा कि सफाई कर्मियों की मांगें बिल्कुल उचित हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब शहर की गंदगी साफ करने वाले ये मजदूर सड़कों पर बैठे हैं, तो नगर आयुक्त स्वयं इस मामले में हस्तक्षेप क्यों नहीं कर रहे? विधायक के अनुसार, नगर निगम के पदाधिकारियों की लापरवाही के कारण ही आज शहर गंदगी के ढेर में तब्दील हो रहा है। बता दें कि नगर निगम क्षेत्र में ‘प्रेम एजेंसी’ के माध्यम से सफाई कार्य कराया जाता है, जिसके कर्मचारी वेतन और अन्य सुविधाओं को लेकर आंदोलनरत हैं।
आम जनता बेहाल; शनिवार से शुरू होगा अनिश्चितकालीन धरना
सफाई कर्मियों की इस हड़ताल से धनबाद के मुख्य बाजारों और रिहायशी इलाकों में कचरे का अंबार लग गया है। आम जनता परेशान है, लेकिन समाधान की जगह आश्वासन का खेल चल रहा है। रागिनी सिंह ने दो टूक शब्दों में कहा है कि उनका यह आंदोलन तब तक जारी रहेगा जब तक सफाई कर्मियों के हितों की रक्षा नहीं हो जाती। अब सबकी नजरें शुक्रवार को होने वाली संभावित वार्ता पर टिकी हैं। यदि वार्ता विफल रहती है, तो धनबाद में एक बड़ा राजनीतिक और सामाजिक आंदोलन खड़ा होना तय है।

