60 से अधिक ग्रामीणों को मिला योजनाओं का लाभ; आवागमन और मूलभूत सुविधाओं पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश
गुमला: 26 नवंबर 2025: जिले के जारी प्रखंड अंतर्गत जरडा पंचायत के अति सुदूरवर्ती मंगरूतला टोला (नवाटोली ग्राम) में रहने वाले खरवार और पीवीटीजी समुदाय के लोगों को मूलभूत सुविधाओं से जोड़ने के उद्देश्य से उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित ने आज क्षेत्र का दौरा किया। उपायुक्त ने लगभग तीन किलोमीटर पैदल चलकर गांव पहुँचकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं।
तत्काल सुधार के निर्देश
जन शिकायत निवारण दिवस में मिली शिकायतों के आधार पर उपायुक्त ने स्वयं यह दौरा किया। उन्होंने मौके पर ही आवागमन मार्ग का निरीक्षण कर डीएमएफटी फंड से तत्काल पीसीसी एवं मोरम डालकर अस्थाई सुधार करने के निर्देश दिए।
-
स्वास्थ्य: स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिया गया कि वे प्रत्येक महीने नियमित रूप से स्वास्थ्य शिविर आयोजित करें।
-
बिजली/पानी: छूटे हुए पांच से सात घरों में पानी और बिजली पहुँचाने का कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।
-
शिक्षा: गांव के मध्य विद्यालय की स्थिति सुधारने हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कदम उठाने के लिए कहा गया।
विशेष शिविर में लाभ वितरण
उपायुक्त के निर्देश पर आयोजित विशेष शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा 60 से अधिक लाभुकों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिया गया। इस दौरान आयुष्मान कार्ड, पेंशन योजना, पशुधन विकास योजना, बीज वितरण और जाति/आवासीय प्रमाण पत्र सहित अन्य परिसंपत्तियों का वितरण किया गया। उपायुक्त ने प्रखंड विकास पदाधिकारी को टोले के शत-प्रतिशत लोगों को योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
स्वास्थ्य पहल
महिलाओं में हीमोग्लोबिन सुधार के लिए उपायुक्त ने स्वयं गांव में 30 से अधिक सहजन (मूंगा साग) के पौधे लगाए और महिलाओं को इसे भोजन का हिस्सा बनाने का आग्रह किया।
इस अवसर पर जिला शिक्षा अधीक्षक, जिला कृषि पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी जारी सहित अनेक संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।



