Loherdaga News: उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी संदीप कुमार मीना ने गुरुवार को विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में वेयरहाउस की सुरक्षा एवं अभिलेखों का निरीक्षण किया। इस अवसर पर पीडी आईटीडीए-सह-वरीय पदाधिकारी (निर्वाचन) सुषमा नीलम सोरेंग, उप निर्वाचन पदाधिकारी संजय कुमार तथा निर्वाचन कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मी भी मौजूद रहे।उपायुक्त ने वेयरहाउस में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता, डबल लॉक सिस्टम तथा सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की जांच की। इसके साथ ही उन्होंने वेयरहाउस के प्रवेश एवं निकासी पंजी का भी निरीक्षण किया और अभिलेखों का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि ईवीएम वेयरहाउस की सुरक्षा, रख-रखाव और अभिलेखों के संधारण में निर्धारित मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि ईवीएम की सुरक्षा और संरक्षित रखरखाव से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं हमेशा चुस्त-दुरुस्त रहनी चाहिए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही की गुंजाइश नहीं होनी चाहिए।





