Ranchi : झारखंड में थैलेसीमिया, सिकल सेल एनीमिया, अप्लास्टिक एनीमिया और हीमोफीलिया जैसे गंभीर रक्त संबंधी रोगों पर ठोस नीति और प्रभावी कार्ययोजना बनाने की मांग को लेकर “लहू बोलेगा” रक्तदान संगठन रांची एवं झारखंड थैलेसीमिया पीड़ित एसोसिएशन की ओर से रांची के सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार को 14 सूत्री मांगों वाला स्मार-पत्र सौंपा गया।

यह स्मार-पत्र संगठन के संस्थापक नदीम खान द्वारा दिया गया, जिसमें राज्य स्तर पर थैलेसीमिया मरीजों के लिए नीतिगत, क्रियान्वयन और व्यवहारिक सुधार के सुझाव शामिल हैं। मांगों में मुफ्त जाँच, ब्लड ट्रांसफ्यूजन की नियमित उपलब्धता, मरीजों के लिए कार्ड प्रणाली, थैलेसीमिया रजिस्ट्री की स्थापना और जागरूकता कार्यक्रमों के विस्तार जैसी बातें प्रमुख हैं।

सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार ने इस अवसर पर कहा कि “थैलेसीमिया एवं रक्तदान को लेकर सरकार और स्वास्थ्य विभाग गंभीरता से कार्य कर रहे हैं। इस 14 सूत्री स्मार-पत्र पर निश्चित रूप से उचित कार्रवाई की जाएगी।”

कार्यक्रम के दौरान लहू बोलेगा रक्तदान संगठन और थैलेसीमिया एसोसिएशन को रांची जिले में रक्तदान और जनजागरूकता के क्षेत्र में किए गए उत्कृष्ट कार्य के लिए स्मृति चिन्ह भी प्रदान किया गया। यह पहल झारखंड में थैलेसीमिया जैसे रोगों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और जरूरतमंद मरीजों को बेहतर सुविधा दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Share.
Exit mobile version