फॉण्ट कनवर्टर NEW

सर्वजन पेंशन योजना की दिसंबर किस्त जारी : 2.28 लाख लाभुकों को 22.83 करोड़ की राशि ट्रांसफर

Ranchi : जिले में राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी सर्वजन पेंशन योजना के तहत दिसंबर माह की पेंशन राशि का भुगतान सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर जिले के कुल 2,28,349 लाभुकों को उनके बैंक खातों में डीबीटी (Direct Benefit

अपनी भाषा में पढ़ें

Ranchi : जिले में राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी सर्वजन पेंशन योजना के तहत दिसंबर माह की पेंशन राशि का भुगतान सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर जिले के कुल 2,28,349 लाभुकों को उनके बैंक खातों में डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से पेंशन की राशि भेज दी गई है। राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के लाभुकों को एक-एक हजार रुपये की मासिक पेंशन प्रदान की जाती है। इस बार कुल 22 करोड़ 83 लाख 49 हजार रुपये की राशि ट्रांसफर की गई है।

जिले में संचालित सभी योजनाओं के तहत लाभुकों को पेंशन राशि उपलब्ध कराई गई है, जिनमें प्रमुख योजनाएँ हैं- मुख्यमंत्री राज्य वृद्धावस्था पेंशन योजना, मुख्यमंत्री राज्य निराश्रित महिला सम्मान पेंशन योजना, मुख्यमंत्री राज्य आदिम जनजाति पेंशन योजना, HIV/AIDS पीड़ित व्यक्ति सहायतार्थ पेंशन योजना तथा ट्रांसजेंडर/तृतीय लिंग व्यक्तियों हेतु सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना।

दिसंबर माह में सर्वजन पेंशन योजना के अंतर्गत लाभुकों की संख्या

  • मुख्यमंत्री राज्य आदिम जनजाति पेंशन योजना – 340
  • HIV/AIDS पीड़ित व्यक्ति सहायतार्थ पेंशन योजना – 419
  • मुख्यमंत्री राज्य वृद्धावस्था पेंशन योजना – 1,79,708
  • मुख्यमंत्री राज्य निराश्रित महिला सम्मान पेंशन योजना – 47,874
  • ट्रांसजेंडर/तृतीय लिंग सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना – 8

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिन लाभुकों को इस महीने पेंशन राशि प्राप्त नहीं हुई है, उन्हें अपने बैंक खाते से आधार सीडिंग कराना अनिवार्य है। आधार सीडिंग के अभाव में पेंशन राशि का हस्तांतरण रुक जाता है, इसलिए सभी लाभुकों को जल्द से जल्द आधार लिंकिंग कराना आवश्यक है, ताकि अगले माह से उन्हें बिना बाधा योजना का लाभ मिलता रहे।

इसके साथ ही प्रशासन ने सभी लाभुकों से आग्रह किया है कि वे अपने-अपने प्रखंड या अंचल कार्यालय में भौतिक सत्यापन अवश्य कराएं। इस सत्यापन का उद्देश्य लाभुक की पात्रता सुनिश्चित करना और किसी भी तरह की त्रुटि या गड़बड़ी को दूर करना है, ताकि वास्तविक जरूरतमंदों को ही पेंशन राशि का लाभ प्राप्त हो सके। जिला प्रशासन ने सभी प्रखंड स्तर के अधिकारियों को भी निर्देशित किया है कि वे सत्यापन कार्य को प्राथमिकता के साथ पूरा करवाएं।

सर्वजन पेंशन योजना राज्य सरकार की सामाजिक सुरक्षा की उन प्रमुख पहलों में से एक है, जिसका उद्देश्य समाज के कमजोर वर्गों जैसे वृद्धजन, निराश्रित महिलाएँ, आदिम जनजाति समुदाय, ट्रांसजेंडर एवं गंभीर बीमारियों से जूझ रहे लोगों को आर्थिक रूप से सहारा प्रदान करना है। पेंशन राशि समय पर पहुँचाने से लाभुकों में राहत का अनुभव किया गया है।

दिसंबर माह की किस्त समय पर मिलने से लाभुकों ने सरकार व जिला प्रशासन के प्रति धन्यवाद व्यक्त किया है। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि आने वाले महीनों में भी पेंशन भुगतान की प्रक्रिया को और अधिक सुगम बनाया जाएगा, ताकि किसी भी वास्तविक लाभुक को योजना से वंचित न होना पड़े।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram