खूंटी: DC मो. जावेद हुसैन की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय में जिला अनुकंपा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उग्रवादी हिंसा में मृत व्यक्तियों के आश्रितों को अनुग्रह-अनुदान और सरकारी नौकरी से जुड़े मामलों की समीक्षा की गई।
बैठक में कुल पांच मामलों पर विस्तार से चर्चा की गई और उनकी प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्णय लिए गए। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को लंबित मामलों का जल्द निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
डीसी ने कहा कि प्रभावित परिवारों को समय पर राहत और सहायता उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अनुकंपा से जुड़े सभी मामलों का निष्पादन पारदर्शी, संवेदनशील और निर्धारित नियमों के अनुसार किया जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि पात्र आश्रितों को अनुग्रह-अनुदान और अन्य लाभ देने में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। साथ ही लंबित मामलों की रिपोर्ट जल्द प्रस्तुत कर समयबद्ध कार्रवाई पूरी करने के निर्देश दिए।
बैठक में उप विकास आयुक्त प्रवीण कुमार प्रकाश, जिला कल्याण पदाधिकारी, डीएसपी मुख्यालय, जिला कोषागार पदाधिकारी, प्रभारी पदाधिकारी सामान्य शाखा समेत अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।




