गुमला न्यूज़ (पालकोट): पालकोट प्रखंड अंतर्गत बाघिमा पंचायत के सेन्टर कॉलोनी में बुधवार को नालसा, नई दिल्ली एवं झालसा, रांची के दिशा-निर्देशन में जिला विधिक सेवा प्राधिकार, गुमला द्वारा DAWN (ड्रग्स अवेयरनेस एंड वेलनेस नेटवर्क) के तहत एक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जिला विधिक सेवा प्राधिकार गुमला के अध्यक्ष माननीय ध्रुव चंद्र मिश्रा एवं सचिव  रामकुमार लाल गुप्ता के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

इस खबर को भी पढ़ें : पालकोट में पर्यावरण के लिए ‘न्याय’ की पुकार: बाघिमा में ग्रामीणों को दी सीख

शिविर का संचालन पैरालीगल वॉलंटियर (PLV) राजू साहू द्वारा किया गया। इस अवसर पर ग्रामीणों को नशा, धूम्रपान एवं मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों की विस्तृत जानकारी दी गई। वक्ताओं ने बताया कि नशा का सीधा असर युवाओं पर पड़ता है, जिससे उनका शारीरिक, मानसिक और सामाजिक जीवन प्रभावित होता है। नशा करने से कई परिवार बिखर जाते हैं और गंभीर बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है।

ग्रामीणों एवं विशेष रूप से युवाओं से अपील की गई कि वे नशे से दूर रहें और आने वाली पीढ़ी को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें, ताकि समाज स्वस्थ, सुरक्षित एवं खुशहाल बन सके।

इसके साथ ही डालसा, गुमला के माध्यम से मिलने वाली निःशुल्क कानूनी सहायता योजनाओं की भी जानकारी दी गई। बताया गया कि आर्थिक रूप से कमजोर, असहाय एवं जरूरतमंद व्यक्ति जिला विधिक सेवा प्राधिकार से बिना किसी शुल्क के कानूनी सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

शिविर में उपस्थित ग्रामीणों ने कार्यक्रम को उपयोगी बताते हुए ऐसे जागरूकता अभियानों को निरंतर आयोजित करने की मांग की।

रिपोर्ट- रोहित कुमार साहू

Share.
Exit mobile version