जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले में पिछले दो दिनों से हो रही भारी बारिश के कारण जमशेदपुर में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। शहर से होकर गुजरने वाली खरकई और स्वर्णरेखा नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। खरकई नदी खतरे के निशान से करीब दो मीटर ऊपर बह रही है, जबकि स्वर्णरेखा नदी भी खतरे के निशान के करीब पहुंच गई है।
नदियों का जलस्तर बढ़ने से तटीय और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है।
जिला प्रशासन अलर्ट, राहत शिविर बनाए गए
DC राजीव रंजन ने बताया कि मौसम को देखते हुए शाम तक दोनों नदियों का जलस्तर और बढ़ सकता है। जिला प्रशासन को अलर्ट मोड पर रखा गया है।
प्रशासन ने नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और पानी बढ़ने पर तुरंत सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है। आपात स्थिति के लिए विभिन्न सामुदायिक भवनों में राहत शिविर बनाए गए हैं। इन शिविरों में प्रभावित लोगों के लिए रहने, भोजन और पेयजल की व्यवस्था की जा रही है।
बागबेड़ा नया बस्ती में घुसा बाढ़ का पानी
भारी बारिश के बीच बागबेड़ा नया बस्ती में स्थिति गंभीर हो गई है। स्लुईस गेट की व्यवस्था नहीं होने के कारण नदी का पानी नाले के रास्ते बस्ती में घुस गया। कई घर पानी में डूब गए हैं और सैकड़ों परिवार प्रभावित हुए हैं।
पानी का स्तर बढ़ने से स्थानीय लोगों में डर का माहौल है।
राहत और बचाव कार्य की मांग
बागबेड़ा महानगर विकास समिति के अध्यक्ष और भाजपा नेता सुबोध झा ने जिला प्रशासन से जल्द राहत और बचाव अभियान चलाने की मांग की है। उन्होंने प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के साथ भोजन और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की है।




